अपडेट---कांग्रेस का काम सिर्फ  लोगों को बरगलाना और वोट बैंक बनाना : योगी आदित्यनाथ

जींद , 22 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जस राम के नाम से हमें मोह बंधन से मुक्ति मिलती है, उसी राम के नाम से कांग्रेस को परेशानी होती है। अगर आजादी के तत्काल बाद अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण नही हो पाया तो इसके लिए सैक्यूलर का लबादा ओढऩे वाले दल जिम्मेवार हैं। कांग्रेस लोबी जीवनभर यही काम करती रही है। सभी दल परिवारवाद में मस्त हैं। यह लोग कभी बाबा साहेब का अपमान करते हैं तो कभी राम और भगवान श्रीकृष्ण का। सब मिल कर भारत की सुरक्षा में सेंध लगाने का काम करते हैं।

कांग्रेस ने अपने आजादी के बाद सबसे ज्यादा लंबे समय तक देश के अंदर शासन करने के बावजूद एक भी एयरपोर्ट का नामकरण महर्षि वाल्मीकि के नाम पर नही किया। किसी भी संत के नाम पर एयरपोर्ट के नाम पर नही रखा है। यह लोग केवल अपने पूर्वजों के नाम पर ही नाम रखते थे। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या के इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम भगवान वाल्मीकि के नाम पर रखा है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को नरवाना में आयोजित रैली को संबोधित कर रहे थे। यह रैली नरवाना से भाजपा प्रत्याशी कृष्ण बेदी के समर्थन में आयोजित की गई थी। इस दौरान उनके साथ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, नरवाना प्रत्याशी कृष्ण बेदी, जिलाध्यक्ष तेजिंदर ढुल, प्रभारी मदन गोयल, पूर्व सांसद अशोक तंवर आदि मौजूद रहे। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राहुल गांधी जब भी बाहर जाते हैं तो भारत की आस्था को लेकर प्रचार करते हैं, गुरू परम्परा पर टिप्पणी करते हैं। भारत को अपमानित करने का कोई भी अवसर नही चूकते हैं। ये लोग जो देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करते हैं, इन लोगों से उम्मीद रखना बेमानी होगा। कांग्रेस आज इस बेमानी पर उतर चुकी है।

आजादी के बाद 75 वर्षों में लगातार अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए समाज को लड़ाने का काम किया। जातिगत सेनाएं खड़ी की। अगर हमें विकास करना है तो हमें इन बैरियर्स को पार करना होगा जो जातिवाद के नाम पर है। मत और सम्प्रदाय के नाम पर है। इन सबसे ऊपर उठ कर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में विस चुनाव होने वाला है। 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की स्थिति के बारे में आप सब जानते हैं। हर तीसरे दिन दंगे होते थे। बेटियां सुरक्षित नही थी। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दंगों से उत्तर प्रदेश को मुक्ति दिला दी है। पिछले साढ़े सात साल में एक भी दंगा उत्तर प्रदेश में नही हुआ है। दंगा करने वाला जानता है कि अगर उसने दंगा किया तो उसकी सात पुश्तों की कमाई जब्त हो जाएगी। आज सबका साथ और सबका विकास के तहत कार्य किए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश की तरह हरियाणा की भी डबल इंजन की सरकार ने बड़े-बड़े काम किए हैं।

मनोहरलाल व नायब सैनी के नेतृत्व में सरकार ने हर वर्ग का कल्याण किया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने राज्य की तुलना हरियाणा से करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार ने विकास की नई राहें खोली हैं। वहां पिछले साढ़े सात वर्षों में एक भी दंगा नहीं हुआ है। इससे पहले उत्तर प्रदेश में दंगे आम बात थे लेकिन भाजपा की सरकार ने प्रदेश को दंगों से मुक्त किया। भाजपा सरकार ने जाति, धर्म और संप्रदाय से ऊपर उठकर विकास कार्य किए हैं और हरियाणा को भारत के विकास के केंद्र में लाने का काम किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

   

सम्बंधित खबर