कोरबा : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा- कांग्रेस की करारी हार होगी

कोरबा, 5 फरवरी (हि.स.)। जिले में नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने के लिए आज प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस के घोषणापत्र पर हमला बोलते हुए कहा कि, कांग्रेस ने भाजपा के अटल विश्वास पत्र की कॉपी पेस्ट कर ली है।

सीएम ने आगे कहा कि, कांग्रेस आम जनता का विश्वास पूरी तरह से खो चुकी है। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को हार का मुंह देखना पड़ा था, ठीक उसी तरह निकाय और पंचायत के चुनाव में भी कांग्रेस की करारी हार होगी।

उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार के घोटालों का जिक्र करते हुए कहा कि अब गड़बड़ी करने वालों की खैर नहीं है। जिन लोगों ने भ्रष्टाचार किया, वह सलाखों के पीछे जा रहे हैं। शराब घोटाले का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व आबकारी मंत्री जो स्वयं को अनपढ़ बताते हैं, वे तो जेल में हैं। लेकिन अभी भी कई कांग्रेस नेता जांच के दायरे में हैं और वह भी खुद को जेल जाने से नहीं बचा पाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने विधानसभा चुनाव के वक्त किए गए वादों को तीव्र गति से पूरा करना प्रारंभ कर दिया है। उन्होंने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा के महापौर अध्यक्ष और पार्षद प्रत्याशियों को विजयी बनाकर क्षेत्र के विकास का मार्ग सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर मंच पर पूर्व सांसद लखन साहू, पूर्व विधायक रजनीश सिंह, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ राजीव सिंह, जागेश लाम्बा, राजेंद्र पांडे, देवेंद्र पांडे, विकास महतो, नरेंद्र देवांगन, प्रफुल्ल तिवारी समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

   

सम्बंधित खबर