राहुल गांधी पर अभद्र टिप्पणियों के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन

धौलपुर, 20 सितंबर (हि.स.)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर अभद्र टिप्पणियों के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। शहर के गांधी पार्क में जिला कांग्रेस ने धरना दिया,वहीं,युवक कांग्रेस ने जुलूस निकाल कर अपना रोष जताया। इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष दुर्गादत्त शास्त्री ने राहुल गांधी पर भाजपा नेताओं द्वारा की गई टिप्पणियों की निंदा करते हुए कहा कि राहुल गांधी शहीद परिवार के बेटे हैं। उनकी दादी ओर पिता ने देश के लिए जान कुर्बान की है। भाजपा राहुल गांधी से डरी हुई है। डर के कारण उनके खिलाफ अपमानजनक बयानबाजी की जा रही है।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष साकेत बिहारी शर्मा ने कहा कि भाजपा की सरकार राजस्थान में हर मोर्चे पर विफल है। राहुल गांधी ने हमेशा प्रेम और एकता का संदेश अपनी न्याय यात्रा के दौरान पूरे देश को दिया है। आगामी विधानसभा के चुनाव में देश और प्रदेश की जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने जिला प्रशासन से अतिवृष्टि के कारण हुई फसलों के नुकसान की तुरंत गिरदावरी करवा कर मुआवजा दिलाए जाने की मांग भी की। धरना एवं प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस सचिव धर्मेंद्र शर्मा एवं अमित मुदगल, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष अविनाश शास्त्री,कांग्रेस सेवादल जिला अध्यक्ष समृद्धि दीक्षित एवं महासचिव रोशनी शिवहरे, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष भावना सिंघल, प्रदेश महासचिव लीना शर्मा, महिला कांग्रेस सेवादल जिला अध्यक्ष आरती शिवहरे, पूर्व प्रधान धर्मेंद्र दिनकर , युवक कांग्रेस अध्यक्ष नीरु शर्मा एवं श्यामू पंडित सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस जन मौजूद रहे। संचालन संगठन महासचिव धनेश जैन ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

   

सम्बंधित खबर