नीट 2026 पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका
- DSS Admin
- May 13, 2026
चित्तौड़गढ़, 13 मई (हि.स.)। नीट 2026 को लेकर चित्तौड़गढ़ जिला मुख्यालय पर बुधवार को विरोध प्रदर्शन हुआ। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी ने जिलाध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट चौराहे पर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर नीट 2026 परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले को लेकर नाराजगी जताई गई।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया ने बताया कि 3 मई को हुई नीट 2026 परीक्षा में देश भर से 22 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया था। परीक्षा की तैयारी के लिए विद्यार्थियों ने करीब दो वर्षों तक कठिन मेहनत और लगन से अध्ययन किया, लेकिन लगातार तीसरी बार देश की महत्वपूर्ण परीक्षा का पेपर लीक होना अत्यंत गंभीर और चिंताजनक विषय है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कलक्ट्रेट चौराहे पर मानव श्रृंखला बना कर केंद्र सरकार के खिलाफ जम कर नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष सिसोदिया ने कहा कि नीट 2026 परीक्षा निरस्त होने से लाखों विद्यार्थियों की मेहनत पर कुठाराघात हुआ है। कई परिवारों ने बच्चों को कोचिंग दिलाने के लिए कर्ज लिया, अपनी जमा पूंजी खर्च की तथा आभूषण तक बेच दिए। परीक्षा निरस्त होने से विद्यार्थियों और उनके परिवारों को आर्थिक एवं मानसिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा के आयोजन की जिम्मेदारी केंद्र सरकार की नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के पास है, जो शिक्षा विभाग के अधीन कार्यरत है। पेपर लीक और परीक्षाओं में अनियमितताओं के चलते एजेंसी की कार्य प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। कांग्रेस ने मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें तथा नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को भंग कर नई पारदर्शी व्यवस्था लागू की जाए। जिला महामंत्री अहसान पठान ने बताया कि प्रदर्शन में पूर्व विधायक प्रकाश चौधरी, कांग्रेस नेता करणसिंह सांखला, ब्लॉक अध्यक्ष ममतेश शर्मा, उत्सव भाणावत, जिला सचिव दिनेश गुर्जर के अलावा मुदस्सर पठान, चक्षु शर्मा, शिल्पन साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
---------------

