पूर्व सांसद विजय सिंह सोय की शहादत दिवस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि

पश्चिमी सिंहभूम, 10 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) के पूर्व सांसद और जिला कांग्रेस कमिटी के पूर्व अध्यक्ष विजय सिंह सोय की शहादत दिवस गुरुवार को कांग्रेस भवन में मनाया गया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया और दो मिनट का मौन रखा।

मौके पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर दास ने कहा कि विजय सिंह सोय का योगदान कांग्रेस संगठन के लिए अमूल्य था और उनके दिखाए रास्ते पर चलकर पार्टी को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सोय एक संगठन के व्यक्ति थे और उन्होंने कांग्रेस को मजबूत आधार दिया। उनकी शहादत और योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

इस अवसर पर कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, महासचिव अशोक बारिक, लियोनार्ड बोदरा, रविंद्र सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने विजय सिंह सोय के आदर्शों को अपनाने और संगठन को और मजबूत करने का संकल्प लिया।

कांग्रेस नेताओं ने विजय सिंह सोय के समाज और संगठन में किए गए कार्यों को याद किया और कहा कि उनकी विचारधारा से प्रेरणा लेकर कांग्रेस आगे बढ़ेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

   

सम्बंधित खबर