टारगेट किलिंग पर कांग्रेस का हल्ला बोल कहा चोर मचाए शोर

कठुआ 11 मार्च (हि.स.)। बिलावर हत्याकांड सहित जिला कठुआ के पहाड़ी इलाकों में बढ़ती आंतकी गतिविधियों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी कठुआ इकाई ने केंद्र सरकार और यूटी प्रशासन को घेरा।

मंगलवार को कठुआ जिला सचिवालय के सामने कांग्रेस पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं ने बढ़ती आंतकी गतिविधियों के साथ-साथ टारगेट किलिंग, राज्य का दर्जा और कानून व्यवस्था को प्रदेश के मुख्यमंत्री के अधीन लाने की मांग की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यूटी प्रशासन और केंद्रीय गृहमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में विशु अंडोत्रा, रॉबिन शर्मा, निर्दोष शर्मा, काजल राजपूत सहित कई अन्य युवा नेताओं ने कहा कि भाजपा जम्मू कश्मीर की आवाम को गुमराह करने का प्रयास कर रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा वाले चोर मचाए शोर वाला काम कर रहे हैं। सिक्योरिटी फोर्सज गृह मंत्रालय के पास है, तो फिर गृह मंत्रालय का पुतला क्यंू नहीं जलाया और जवाब हमसे मांगते हैं, जबकि अपनी नाकामी छुपाने के लिए लोगों को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब से जम्मू कश्मीर को यूटी का दर्जा दिया गया है तब से जम्मू संभाग के जिला कठुआ के पहाड़ी क्षेत्रों में आंतकी गतिविधियां बड़ी है, टारगेट किलिंग जैसे कई वारदाते हो रही हैं, जबकि कानून व्यवस्था का जिमा गृह मंत्रालय के अधीन है। उन्होंने कहा कि गत दिनों बिलावर में हुई घटना को लेकर भाजपा के नेता रोटियां सेक रहे हैं। उन्होंने कहा कि गृह मंत्रालय भाजपा का, उपराज्यपाल भाजपा का और शोर मचाकर किसे दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी नाकामी छुपाने के लिए पाकिस्तान पर पूरी बात को थोप दिया जाता है। उन्होंने कहा कि अगर आपकी सुरक्षा एजेंसियां इतनी सतर्क हैं तो पाकिस्तान को क्यूं करारा जबाव नहीं दिया जाता। प्रदर्शनकारी ने कहा कि भाजपा सरकार जम्मू कश्मीर में गुंडागर्दी चल रही है। उन्होंने कहा कि तीन लोगों की निर्मम हत्या के संबंध में जम्मू कश्मीर के पूर्व सांसद, सरकार में बैठे उपमुख्यमंत्री को बिलावर में नहीं जाने दिया, जबकि भाजपा के सारे विधायक बिलावर में जाकर बैठ गए। उन्होंने कहा कि इस तरह का दोहरे चरित्र वाली राजनीति कदापि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर टारगेट किलिंग पर केंद्र के गृह मंत्रालय और यूटी सरकार ने इस पर कोई कड़ा संज्ञान नहीं लिया तो देश भर में जगह-जगह कांग्रेस पार्टी प्रदर्शन करेगी। उन्होंने अपील की है कि कानून व्यवस्था को जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री के अधीन किया जाना चाहिए, इसी के साथ-साथ जम्मू कश्मीर को राज्य का दर्जा वापस दिया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

   

सम्बंधित खबर