मेघालय की विकास यात्रा को नई गति, 50,400 करोड़ का राजमार्ग पर निवेश : कोनराड संगमा

शिलांग, 15 जून (हि.स.)। मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के संगमा ने सोमवार को नॉर्थ ईस्ट इंफ्रास्ट्रक्चर समिट एवं प्रदर्शनी में राज्य की तेज आर्थिक और आधारभूत संरचना संबंधी प्रगति को रेखांकित करते हुए कहा कि मेघालय विकास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी भी उपस्थित थे।

समिट को संबोधित करते हुए संगमा ने कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र लंबे समय तक उग्रवाद, कानून-व्यवस्था की चुनौतियों और राजनीतिक अस्थिरता जैसी समस्याओं से जूझता रहा, लेकिन अब यह क्षेत्र परिवर्तन और विकास के एक नए अध्याय का साक्षी बन रहा है।

उन्होंने बताया कि मेघालय का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) वर्ष 2018 के 29,508 करोड़ रुपये से बढ़कर वित्त वर्ष 2024-25 में 59,626 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि पिछले आठ वर्षों में राज्य का बजट दोगुना हुआ है, जबकि पूंजीगत व्यय में लगभग छह गुना वृद्धि दर्ज की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी की तैयारी कर रहा है। साथ ही देश के सबसे बड़े फुटबॉल स्टेडियमों में से एक का निर्माण किया जा रहा है तथा शिलांग में बड़े वाणिज्यिक विमानों के संचालन की दिशा में भी कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।

संगमा ने राज्य में सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि मेघालय को 50,400 करोड़ रुपये की राजमार्ग परियोजनाओं का लाभ मिला है। इन परियोजनाओं से परिवहन व्यवस्था में सुधार होने के साथ-साथ राज्य की आर्थिक संभावनाओं को भी नई मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि मेघालय में दिखाई दे रही प्रगति पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास की व्यापक कहानी को दर्शाती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह समिट क्षेत्र में निवेश, संपर्क और समृद्धि को और अधिक गति प्रदान करेगा।

-----------

   

सम्बंधित खबर