रामलीला मैदान में होगी खड़गे की संविधान बचाओ रैली, तैयारियां जोरों पर

जयपुर, 23 अप्रैल (हि.स.)। केंद्र सरकार और भाजपा पर देश में केंद्रीय जांच एजेंसियो के दुरुपयोग और संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाकर कांग्रेस अब देशभर में संविधान और लोकतंत्र बचाओ अभियान शुरू करने जा रही है। राजस्थान में भी संविधान बचाओ अभियान 30 मई तक चलेगा। अभियान की शुरुआत 28 अप्रेल को जयपुर में एक प्रदेश स्तरीय बड़ी रैली से होगी। रैली को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे संबोधित करेंगे। राजधानी के न्यू गेट स्थित रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली इस रैली में प्रदेश भर कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता शामिल होंगे। रैली की तैयारी प्रदेश कांग्रेस में जोर-शोर से चल रही है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में रैली की तैयारी को लेकर मंगलवार को बैठक हुई थी,जिसमें धूप से बचाव और कार्यकर्ताओं के लिए छाया- पानी के पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए गए थे।

क्षमता 4 हजार, दावा बीस हजार का

इधर रामलीला मैदान की कुल क्षमता 4000 लोगों के बैठने की है वहीं प्रदेश कांग्रेस का दावा है की रैली में 20 हजार से ज्यादा कार्यकर्ता प्रदेश पर से शामिल होंगे। रामलीला मैदान के बाहर सड़कों पर भी कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। प्रदेश कांग्रेस के संगठन महामंत्री ललित तूनवाल का कहना है कि जयपुर की यह ऐतिहासिक रैली होगी और ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ता इस रैली में शामिल होंगे, जहां पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे। रैली में कार्यकर्ताओं और नेताओं के लिए बैठने के लिए अलग-अलग व्यवस्था होगी। पूरे ग्राउंड में बड़े-बड़े डोम लगाए जाएंगे। मंच पर पार्टी के प्रमुख नेताओं और वरिष्ठ विधायकों को मौका मिलेगा तो मंच के सामने प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, पूर्व मंत्री पूर्व विधायकों को मौका मिलेगा। दूसरे डोम में तमाम कार्यकर्ताओं को बैठने की व्यवस्था की जाएगी।

तैयारी को लेकर कॉर्डिनेशन कमेटी की बैठक आज

इधर रैली की तैयारियों को लेकर गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की अध्यक्षता में प्रदेश कॉर्डिनेशन कमेटी की बैठक होगी। जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट सहित अन्य नेता शामिल होंगे और तैयारी के साथ साथ व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा करेंगे।

30 मई तक इस तरह रहेगा संविधान बचाओ रैलियों का दौर

28 अप्रेल को जयपुर में प्रदेशव्यापी रैली के बाद 3 से 10 मई तक सभी जिलों में जिला स्तरीय संविधान बचाओ रैली आयोजित होगी और उसके बाद 200 विधानसभा क्षेत्रों में 11 में से 17 मई तक रैलियां आयोजित होगी। इसके पश्चात बूथ स्तर पर कार्यक्रम होंगे और 20 मई से 30 मई तक घर-घर अभियान चलेगा। इसके तहत कार्यकर्ता संविधान बचाओ को लेकर लोगों को समझाएंगे किस तरह से केंद्र सरकार लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने में लगी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

   

सम्बंधित खबर