महिला टी20 विश्वकप: आईसीसी ने जारी की प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के नामित खिलाड़ियों की लिस्ट
- DSS Admin
- Jul 05, 2026
दुबई, 05 जुलाई (हि.स.)। आईसीसी महिला टी20 विश्वकप 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाली ऑस्ट्रेलिया की स्टार ऑलराउंडर एलिस पेरी, इंग्लैंड की सलामी बल्लेबाज डैनी व्याट-हॉज, भारत की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और दक्षिण अफ्रीका की मारिजान कैप को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट पुरस्कार के लिए नामित किया गया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने रविवार को इन चारों के नाम की लिस्ट जारी की।
अपनी-अपनी टीम की ओर से खेलते हुए इन चारों खिलाड़ियों का प्रदर्शन टूर्नामेंट में शानदार रहा है। पेरी और डैनी ने अपनी टीमों को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई, जबकि मंधाना के शानदार प्रदर्शन के बावजूद भारतीय टीम ग्रुप चरण से आगे नहीं बढ़ सकी। दूसरी ओर, मारिजान कैप ने दक्षिण अफ्रीका को सेमीफाइनल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
एलिस पेरी (ऑस्ट्रेलिया)185 रन (औसत 46.25)4 विकेट
ऑस्ट्रेलिया के अपराजित अभियान में एलिस पेरी सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में से एक रहीं। उन्होंने 46.25 की औसत से 185 रन बनाए और चार विकेट भी हासिल किए। टूर्नामेंट के दौरान उन्हें तीन बार 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
पेरी ने बांग्लादेश के खिलाफ दो विकेट लेने के साथ नाबाद 19 रन बनाए। इसके बाद पाकिस्तान और भारत के खिलाफ लगातार दो अर्धशतक जड़कर टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
डैनी व्याट-हॉज (इंग्लैंड)294 रन (औसत 73.50)स्ट्राइक रेट 152.33
इंग्लैंड की सलामी बल्लेबाज डैनी व्याट-हॉज फाइनल से पहले टूर्नामेंट की सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं। उन्होंने 73.5 की औसत से 294 रन बनाए हैं। श्रीलंका के खिलाफ शतक और उसके बाद दो अर्धशतकों की मदद से उन्होंने इंग्लैंड के फाइनल में पहुंचने की राह आसान की।
स्मृति मंधाना (भारत)205 रन (औसत 41.00)
भारतीय टीम की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत की। उन्होंने पाकिस्तान और नीदरलैंड के खिलाफ लगातार दो अर्धशतक लगाकर भारत को जीत दिलाई। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत के आखिरी ग्रुप मैच में उन्होंने 38 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, लेकिन यह टीम को सेमीफाइनल में पहुंचाने के लिए पर्याप्त साबित नहीं हुई।
मारिजान कैप (दक्षिण अफ्रीका)124 रन (औसत 31.00)8 विकेट (औसत 14.37)
दक्षिण अफ्रीका की अनुभवी ऑलराउंडर मारिजान कैप ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 124 रन बनाने के अलावा आठ विकेट भी लिए।भारतीय टीम के खिलाफ उनका प्रदर्शन टूर्नामेंट के सबसे यादगार प्रदर्शनों में शामिल रहा। उन्होंने पहले गेंदबाजी में दो अहम विकेट चटकाए और फिर नाबाद 81 रन की मैच जिताऊ पारी खेलकर 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार जीता।
--------------

