खूंटी, 12 मई (हि.स.)। खूंटी पुलिस ने अफीम के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 426 ग्राम अफीम, एक 9 एमएम पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान धनिश लोहरा उर्फ हाॅनी (20) निवासी ग्राम रूडुंगडीह थाना खूंटी, वर्तमान पता बेलहाथी रोड खूंटी, योगेंद्र साहू उर्फ जोगी (21) मूल निवासी ग्राम कोटबो थाना कमडरा जिला गुमला, वर्तमान पता बेलाहाथी रोड खूंटी तथा राजेश कुमार महतो उर्फ कल्लू (26) निवासी बेलहाथी रोड, पिपरा टोली खूंटी के रूप में हुई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सोमवार को उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि चिकोर-हेसाहातु मुख्य मार्ग पर एक मोटरसाइकिल से तीन युवक अवैध हथियार और अफीम लेकर चिकोर की ओर आ रहे हैं। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चिकोर-हेसाहातु मुख्य मार्ग पर वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान डोकाड़ गांव की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल को रुकने का इशारा किया। पुलिस जांच देखकर तीनों युवक मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपितों ने अफीम की खरीद-बिक्री में संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार आरोपित योगेंद्र और राजेश के खिलाफ चार वर्ष पूर्व खूंटी थाना क्षेत्र में हुई हत्या के एक मामले में कांड संख्या 153/22 दर्ज है। वहीं धनिश लोहरा पर वर्ष 2025 में आर्म्स एक्ट के तहत खूंटी थाना में मामला दर्ज है। आरोपित जेल भी जा चुके हैं।
---------------

