जबलपुर : प्रेमजाल में फंसाकर युवती से दुष्कर्म, आरोपित पर मामला दर्ज

जबलपुर, 15 जून (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के जबलपुर जिले के अधारताल थाना क्षेत्र में एक युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, अधारताल क्षेत्र निवासी युवती ने शिकायत में बताया कि उसकी पहचान जीशान मंसूरी नामक युवक से हुई थी। दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी। आरोप है कि इसी दौरान जीशान ने उसे प्रेमजाल में फंसा लिया और उससे मुलाकातें करने लगा।

पीड़िता के अनुसार, 9 मार्च 2026 को आरोपित ने मिलने के बहाने उसे अधारताल तालाब के समीप एक सुनसान स्थान पर बुलाया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद 25 मई 2026 को आरोपी ने दोबारा मिलने के लिए दबाव बनाया और उसे क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट ले गया। आरोप है कि रेस्टोरेंट के एक केबिन में भी उसने युवती के साथ दुष्कर्म किया।

युवती ने सोमवार को पुलिस को बताया कि आरोपी घटना के बाद लगातार उसे और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी देता रहा, जिससे वह भयभीत थी। लंबे समय तक डर के कारण वह शिकायत नहीं कर सकी, लेकिन बाद में साहस जुटाकर परिजनों के साथ अधारताल थाने पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपित के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले की जांच जारी है।

---------------

   

सम्बंधित खबर