सवा लाख मिट्टी के शिवलिंग बनाने का कार्य शुरू

हमीरपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। जिले में दो दर्जन से अधिक ऐतिहासिक शिवालयों में सावन के चौथे सोमवार को को पूजा अर्चना के लिये श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही शिवमंदिरों में हर-हर महादेव के उद्घोष से शिवालय गूंज उठे। वहीं शल्लेश्वर, चौपेश्वर मंदिर व सिंहमहेश्वरी मंदिर में सवा लाख मिट्टी के शिवलिंग बनाने का कार्य शुरू हो गया है। दुर्लभ संयोग बनने से अनेक शिवालयों में ओम नमः शिवाय का जाप भी चल रहा है। वहीं दूध, दही, पवित्र नदियों के जल और शहद से लोग रुद्राभिषेक कर भगवान भोले नाथ को प्रसन्न करने में जुटे हैं। भीड़ को देखते हुये सुरक्षा के भी इंतजाम किये गये हैं।

जिले के राठ क्षेत्र में महाभारत कालीन चौपेश्वर शिवालय में सुबह से ही भक्तों का लम्बी लाइन लगी है। अभी तक पचास हजार से अधिक भक्त लोग पूजा अर्चना कर चुके हैं। पूजा पाठ का दौर देर रात चलेगा जिसके लिये मंदिर के बाहर सुरक्षा के इंतजाम किये गये हैं। इस मंदिर में कांवड़ियों ने भी रुद्राभिषेक किया। सरीला कस्बे में चंदेल कालीन शल्लेश्वर मंदिर में शिव भक्तों की तांता लगा हुआ है। यहां शिव भक्तों ने सवा लाख शिवलिंग बनाने का काम पिछले हफ्ते शुरू किया था जो अब अंतिम दौर में है। मंदिर के बाहर शिव पुराण की कथा भी चल रही है जिसे सुनने के लिये आसपास के इलाकों से भारी भीड़ एकत्र हुयी है।

हमीरपुर नगर के यमुना नदी किनारे स्थित गुप्त कालीन शिवालय को खूब सजाया गया है। सुबह से ही लोगों की पूजा अर्चना करने की लम्बी भीड़ लगी है। मंदिर में तिल रखने की भी जगह नहीं है। इस मंदिर में स्थापित शिव लिंग को भक्तों ने यमुना नदी के जल से रुद्राभिषेक किया है। यहां शिव कथा और अन्य धार्मिक अनुष्ठान कराया जा रहा है। कारीमाटी गांव के पास मन्नेश्वर मंदिर में विशाल मेले का आयोजन किया गया है। सावन के चौथे सोमवार को यहां विशेष प्रकार केे अनुष्ठान हो रहे है। देर रात तक रात्रि जागरण का कार्यक्रम चलेगा।

नगर के पतालेश्वर मंदिर व यमुना नदी पार सजेती स्थित बिहारेश्वर मंदिर में भी पूजा के लिये भक्तों में आपाधापी मची हुयी है। यहां अभी 1000 से अधिक भक्त पूजा कर चुके हैं। हमीरपुर शहर के प्रसिद्ध सिंहमहेश्वरी मंदिर में सुबह से ही पूजा अर्चना के लिये श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। यमुना और बेतवा नदी के संगम से जल लाकर लोग बड़े ही श्रद्धा भाव से जलाभिषेक कर रहे हैं। मंदिर के बाहर बेलपत्र और अन्य पूजा सामग्री की दुकानों में लोगों की भीड़ लगा है। यमुना नदी किनारे स्थित पतालेश्लर मंदिर में भी भक्त लोग शिवालय में बेलपत्र और भांग अर्पित कर शिव जी को प्रसन्न कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा / शरद चंद्र बाजपेयी / राजेश

   

सम्बंधित खबर