सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद उपायुक्त ने लिया त्वरित संज्ञान
- DSS Admin
- May 21, 2026
देवघर, 21 मई (हि.स.)। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने सारवां प्रखंड स्थित सारवां प्रखंड अंतर्गत आदर्श प्लस टू विद्यालय में फिल्म एवं गाने के प्रसारण मामले में कड़ा संज्ञान लेते हुए प्रशासनिक कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, स्कूल परिसर के भीतर मनोरंजन संबंधी वीडियो वायरल होने की घटना को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी ने संबंधित कर्मियों पर त्वरित कार्रवाई की। मामले में विद्यालय के स्नातक प्रशिक्षित शिक्षक किसलय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
निलंबन अवधि के दौरान उन्हें विभागीय कार्रवाई के अधीन रखा गया है। वहीं विद्यालय में अनुशासनहीनता, लापरवाही एवं नियंत्रण की कमी को लेकर प्रभारी प्रधानाध्यापक सह स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षक अवधेश कुमार ठाकुर को प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद से मुक्त कर दिया गया है। उनके विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई शुरू करने की अनुशंसा की गई है। उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने जिले के सभी सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि जिला, प्रखंड अथवा पंचायत स्तर के किसी भी सरकारी संस्थान में अनुशासनहीनता और कार्य के प्रति लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में इस प्रकार की शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ सीधे कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
---------------

