निजी वाहनों के बजाय मेट्रो को बढ़ावा देने के लिए डीएमआरसी का बड़ा कदम, सोमवार से चलेंगी 24 अतिरिक्त ट्रेन फेरे
- DSS Admin
- May 17, 2026
नई दिल्ली, 17 मई (हि.स.)। बढ़ते ट्रैफिक, ईंधन की खपत और प्रदूषण की चुनौती के बीच दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने लोगों को निजी वाहनों के बजाय मेट्रो अपनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। डीएमआरसी ने घोषणा की है कि 18 मई से प्रत्येक सोमवार को छह अतिरिक्त ट्रेनों के जरिये 24 अतिरिक्त ट्रेन फेरे चलाए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर अन्य दिनों में भी अतिरिक्त सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
डीएमआरसी के अनुसार, मौजूदा परिस्थितियों में सड़क परिवहन से मेट्रो की ओर यात्रियों का रुझान बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए यात्रियों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष तैयारी की गई है। अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, अधिक टिकट काउंटरों का संचालन, अतिरिक्त डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर और बैगेज स्कैनर सक्रिय किए जाएंगे। इसके साथ ही फ्रिस्किंग प्वाइंट्स पर प्रतीक्षा समय कम करने और व्यस्त समय में यात्रियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने पर जोर रहेगा।
डीएमआरसी ने कहा कि दिल्ली मेट्रो अब दिल्ली-एनसीआर की प्रमुख परिवहन लाइफलाइन बन चुकी है। मेट्रो नेटवर्क रेलवे स्टेशन, आईएसबीटी, एयरपोर्ट, नमो भारत आरआरटीएस, नोएडा मेट्रो और गुरुग्राम रैपिड मेट्रो से सीधे जुड़कर मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी उपलब्ध करा रहा है। इससे निजी वाहनों और पेट्रोलियम आधारित परिवहन पर निर्भरता कम हो रही है।
चांदनी चौक, कनॉट प्लेस, साइबर सिटी, प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों और पर्यटन स्थलों तक तेज और सुरक्षित पहुंच भी मेट्रो के जरिये संभव हो रही है। यात्रियों की एंड-टू-एंड यात्रा को आसान बनाने के लिए 160 मेट्रो स्टेशनों पर लास्ट माइल कनेक्टिविटी की सुविधा विकसित की गई है। इसमें ई-रिक्शा, ई-ऑटो, बाइक टैक्सी, कैब और साइकिल किराया सेवाएं शामिल हैं। डीएमआरसी सारथी ऐप के माध्यम से यात्री एक ही प्लेटफॉर्म पर मेट्रो टिकट, ऑटो और बाइक टैक्सी बुक कर सकते हैं।
हाल ही में डीएमआरसी ने आईओसीएल के सहयोग से सेंट्रल विस्टा क्षेत्र में हाइड्रोजन आधारित बस सेवा भी शुरू की है। वहीं, डीटीसी की करीब 1500 देवी बसें 52 मेट्रो स्टेशनों से अंतिम मील संपर्क उपलब्ध करा रही हैं।
इसके अलावा, 126 मेट्रो स्टेशनों पर पार्क एंड राइड सुविधा उपलब्ध है ताकि लोग अपने वाहन पार्क कर आगे की यात्रा मेट्रो से कर सकें। डिजिटल टिकट को बढ़ावा देने के लिए क्यूआर कोड टिकटिंग, एनसीएमसी कार्ड, व्हाट्सएप टिकटिंग, पेटीएम, फोनपे, अमेजन और आईआरसीटीसी इंटीग्रेशन जैसी सुविधाएं भी दी जा रही हैं।
डीएमआरसी के प्रधान कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने कहा कि संस्था सतत शहरी परिवहन, ईंधन बचत और यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।
---------------

