यूपी के देवरिया में बिहार ले जा रहे 55 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ तस्कर को पुलिस ने पकड़ा
- DSS Admin
- May 19, 2026
देवरिया, 19 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के लार पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकप वाहन से 55 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब मंगलवार को बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक अभियुक्त को गिरफ्तार करते हुए फर्जी नंबर प्लेट लगी पिकप वाहन भी कब्जे में लिया। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख 14 हजार रुपये बताई जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि संदिग्ध वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बिहार की ओर अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना पर मेहरीना चेक पोस्ट पर घेराबंदी कर एक पिकप वाहन को रोका गया। जांच के दौरान वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट UP15FT3915 लगी मिली। तलाशी में 40 पेटी रॉयल स्टेग शराब की 375 एमएल की 960 शीशियां तथा 15 पेटी 180 एमएल की 720 शीशियां बरामद हुईं। कुल बरामद शराब 489.6 लीटर बताई गई। उन्होंने बताया कि मौके से गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान निशार खान पुत्र अयूब खान निवासी मोदीपुरम, पल्लवपुरम फेज-02 थाना पल्लवपुरम जनपद मेरठ के रूप में हुई। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ थाना लार में आबकारी अधिनियम एवं 341(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक कमलेश यादव, हेड कांस्टेबल दिलीप सिंह, हेड कांस्टेबल राजकुमार यादव एवं कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे।

