नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में देवरिया की बेटी सारिशा द्विवेदी ने जीता कांस्य पदक
- DSS Admin
- May 18, 2026
देवरिया, 18 मई (हि.स.)। जिले की प्रतिभाशाली बेटी सारिशा द्विवेदी ने नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे देवरिया जनपद का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। खेल प्रेमियों, शिक्षकों और सामाजिक लोगों ने सारिशा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
सारिशा द्विवेदी की इस सफलता पर उनके परिवार को भी लगातार शुभकामनाएं मिल रही हैं। सारिशा के पिता डॉ. एस. एस. द्विवेदी महार्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया में नोडल अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। वह स्वयं भी राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुके हैं और खेलों के प्रति विशेष रुचि रखते हैं। लोगों का कहना है कि बेटी की सफलता के पीछे माता-पिता का मार्गदर्शन, अनुशासन और प्रोत्साहन महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
पूर्व सैनिक धनंजय कुशवाहा ने सारिशा की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले जिले की छात्रा सांभवी सिंह ने सेंट जेवियर्स स्कूल में टॉप कर जिले का गौरव बढ़ाया था और अब सारिशा द्विवेदी ने राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में पदक जीतकर यह साबित कर दिया है कि बेटियां किसी भी मायने में बेटों से कम नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि यदि बेटियों को सही दिशा, अवसर और प्रोत्साहन मिले तो वे हर क्षेत्र में सफलता का नया इतिहास रच सकती हैं। सारिशा की उपलब्धि जिले की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। लोगों ने सारिशा को ढेरों शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

