डीपीएल में अस्थायी श्रमिकों का प्रदर्शन, विभिन्न मांगों को लेकर प्रशासनिक भवन के सामने धरना
- DSS Admin
- Jul 08, 2026
पश्चिम बर्दवान, 08 जुलाई (हि. स.)। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के नेतृत्व में दुर्गापुर प्रोजेक्ट्स लिमिटेड (डीपीएल) के अस्थायी श्रमिकों ने विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को प्रशासनिक भवन के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान श्रमिकों ने प्रशासनिक भवन के मुख्य द्वार के सामने धरना देकर अपनी लंबे समय से लंबित मांगों के समर्थन में नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारी श्रमिकों का आरोप है कि श्रमिक विरोधी नीतियों के कारण अस्थायी कर्मचारियों का कभी भी तबादला कर दिया जाता है। उन्हें स्थायी रोजगार की कोई गारंटी नहीं है और लंबे समय से वे विभिन्न सुविधाओं से वंचित हैं।
बीएमएस ने मांग की कि डीपीएल अस्पताल के इंडोर विभाग को तत्काल फिर से शुरू किया जाए। इसके अलावा अस्थायी श्रमिकों को सरकार द्वारा निर्धारित दर के अनुसार वेतन दिया जाए, रोजगार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा लंबे समय से लंबित सभी मांगों का शीघ्र समाधान किया जाए।
संगठन की ओर से कहा गया कि श्रमिकों के न्यायोचित अधिकारों की रक्षा के लिए प्रबंधन को तत्काल आवश्यक कदम उठाने चाहिए। यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई तो आने वाले दिनों में और व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन के बाद बीएमएस प्रतिनिधियों ने डीपीएल प्रबंधन को मांगपत्र सहित एक ज्ञापन सौंपा। संगठन का कहना है कि यदि प्रबंधन ने उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
---------------

