सीबीएसई पोर्टल की तकनीकी दिक्कतें दूर करने के लिए आईआईटी विशेषज्ञों की टीम तैनात होगी : धर्मेन्द्र प्रधान
- DSS Admin
- May 24, 2026
नई दिल्ली, 24 मई (हि.स.)। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) परीक्षा परिणाम के बाद पुनर्मूल्यांकन सेवाओं से जुड़े पोर्टल में आ रही तकनीकी समस्याओं को दूर करने के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास और आईआईटी कानपुर के विशेषज्ञों की टीम तैनात करने के निर्देश दिए हैं।
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह निर्णय छात्रों और अभिभावकों की ओर से सीबीएसई के पोस्ट रिजल्ट सर्विस पोर्टल को लेकर जताई गई चिंताओं और तकनीकी चुनौतियों की शिकायतों के बाद लिया गया है।
मंत्रालय ने बताया कि आईआईटी के प्रोफेसरों और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम इस वर्ष पुनर्मूल्यांकन सेवाओं की घोषणा के बाद सामने आई सभी तकनीकी गड़बड़ियों की जांच करेगी। टीम प्रणाली और तकनीकी कार्यप्रवाह में सुधार के लिए आवश्यक उपाय लागू करेगी।
विशेषज्ञों की टीम पोर्टल की स्थिरता और सर्वर प्रदर्शन की भी समीक्षा करेगी। इसके अलावा समग्र सूचना प्रौद्योगिकी ढांचे की मजबूती, लॉगिन प्रमाणीकरण प्रणाली, उपयोगकर्ता पहुंच व्यवस्था और भुगतान गेटवे की सटीकता की जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने में सहायता करेगी।
धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि छात्रों के हित सर्वोपरि हैं और सीबीएसई को पारदर्शी, प्रभावी और छात्र हितैषी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर सभी आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने चाहिए।
---------------

