इटानगर, 12 मई (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश की राजधानी क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) तूमे आमो ने आज अपने क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी पुलिस प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक संपर्क केंद्रों में भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता का सख्त निर्देश जारी किया है।
अपने आदेश में उन्होंने सभी पुलिस अधीक्षक( एसपी), एसडीपीओ, ओसी और पर्यवेक्षक अधिकारियों को पुलिस थानों, चेक गेटों, यातायात चौकियों, पुलिस चौकियों और अन्य इकाइयों में पारदर्शिता, व्यावसायिकता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
डीआईजी ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को इनर लाइन परमिट (आईएलपी) के बिना प्रवेश, चेक गेटों से वाहनों के गुजरने, कानूनी जुर्माने से बाहर यातायात उल्लंघनों के निपटान, एफआईआर दर्ज करने, मामलों के निपटारे, पुलिस सत्यापन या किसी अन्य पुलिस संबंधी सेवाओं के लिए अवैध धन देने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए।
निर्देशों में चेतावनी दी गई है कि भ्रष्टाचार, जबरन वसूली, अवैध संग्रह या आधिकारिक पद के दुरुपयोग में किसी भी प्रकार की संलिप्तता पर सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सभी यूनिट प्रमुखों को नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने और पुलिस प्रतिष्ठानों पर सार्वजनिक नोटिस प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि नागरिकों को उनके अधिकारों के बारे में जागरूक किया जा सके और भ्रष्टाचार या दुर्व्यवहार की रिपोर्ट करने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।
यह आदेश सोशल मीडिया पर हाल ही मे वायरल हुए एक वीडियो के बाद जारी किया गया है जिसमें दिखाया गया है कि होलोंगी चेक गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने बिना आईएलपी के इटानगर में प्रवेश करने के लिए ट्रक चालकों से पैसे लिए थे।

