अडानी थर्मल पावर प्लांट मामला, आदिवासी समाज ने अधिकारी और जनप्रतिनिधि पर लगाया धमकी देने का आरोप

भागलपुर, 15 मई (हि.स.)। बिहार में भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड में निर्माणाधीन अडानी पावर थर्मल पावर प्लांट को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। इसको लेकर आदिवासी समाज के लोगों ने प्रखंड प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

आदिवासी समाज के लोगों का आरोप है कि पीरपैंती प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा शेरमारी सिमानपुर पंचायत के सरपंच वरुण गोस्वामी द्वारा उन्हें धमकाया गया। एक महिला ने आरोप लगाते हुए कहा कि अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की ओर से कहा गया कि रहना है तो इसी घर में रहो, नहीं तो जहां जाना है चले जाओ। ग्रामीणों का कहना है कि जिस जनप्रतिनिधि से जनता को सुरक्षा और सहयोग की उम्मीद होती है, वही अगर दबाव और धमकी की भाषा बोले तो आम लोगों के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो जाती है।

आदिवासी समाज के लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। हालांकि प्रशासन या संबंधित जनप्रतिनिधियों की ओर से अभी तक इस आरोप पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

---------------

   

सम्बंधित खबर