देवरिया में रास्ते के विवाद ने लिया खूनी रूप, युवक की चाकू से हत्या, चार घायल
- DSS Admin
- Jul 03, 2026

देवरिया, 03 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया में रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के नौतन हथियागढ़ गांव में शुक्रवार सुबह रास्ते के विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। बाइक सवार हमलावरों ने एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे चार अन्य लोग भी हमले में घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
क्षेत्राधिकारी सदर संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि नौतन हथियागढ़ गांव निवासी 30 वर्षीय राजू शर्मा पुत्र दशरथ शर्मा शुक्रवार सुबह करीब सात बजे गांव में मौजूद थे। इसी दौरान बाइक से पहुंचे तीन लोगों ने उन्हें रोक लिया। दोनों पक्षों के बीच रास्ते को लेकर पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि हमलावरों ने राजू शर्मा की गर्दन पर चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल राजू शर्मा मौके पर ही गिर पड़े।
राजू शर्मा को बचाने के लिए पहुंचे सुधीर कुमार शर्मा (37) पुत्र स्वर्गीय रामनरेश शर्मा पर भी हमलावरों ने चाकू और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान संजना शर्मा (18) पुत्री हरेराम शर्मा, सरोज शर्मा (18) पुत्री सुदर्शन शर्मा तथा तारा देवी (50) भी घायल हो गईं। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और हमलावर मौके से फरार हो गए।
परिजन और ग्रामीण तत्काल सभी घायलों को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने राजू शर्मा को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल सुधीर शर्मा का इलाज जारी है, जबकि अन्य तीन घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही रामपुर कारखाना थाना पुलिस और क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
विधिक कार्रवाई कर दबीश दी जा रही हैं।जल्द सभी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा जाएगा ।

