जिलाधिकारी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र का किया औचक निरीक्षण, अनुपस्थित शिक्षामित्र को नोटिस

फोटो जिलाधिकारी निरीक्षण करतेफोटो जिलाधिकारी निरीक्षण करते

देवरिया, 08 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार सुबह करीब 7:45 बजे उच्च प्राथमिक विद्यालय तिलई बेलवा एवं आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों की डिजिटल उपस्थिति, शिक्षकों की उपस्थिति, पठन-पाठन व्यवस्था तथा विद्यालय की साफ-सफाई का गहन जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने शिक्षकों को निर्देश दिए कि विद्यालय में बच्चों की डिजिटल उपस्थिति शत-प्रतिशत सुनिश्चित की जाए तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराकर उसे निपुण बनाने का लक्ष्य हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने विद्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और बच्चों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण विकसित करने पर भी जोर दिया।

इसके बाद जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं, प्रारंभिक शिक्षा एवं पोषण व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सभी व्यवस्थाएं प्रभावी ढंग से संचालित हों और किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय में छह शिक्षक और दो शिक्षामित्र तैनात पाए गए। इनमें से एक शिक्षामित्र अनुपस्थित मिले। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित शिक्षामित्र के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी शिक्षक नियमित रूप से विद्यालय पहुंचकर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराएं।

-------------

   

सम्बंधित खबर