जिलाधिकारी ने राजस्व निरीक्षक काे किया निलंबित, लंबित प्रकरणों पर सख्ती
- DSS Admin
- May 11, 2026
जौनपुर ,11 मई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में नए जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन के कार्यभार संभालने के बाद प्रशासनिक व्यवस्था में सख्ती साफ दिखाई देने लगी है। सोमवार देर शाम राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान बड़ी संख्या में प्रकरण लंबित मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए तहसील सदर के राजस्व निरीक्षक रमेश चंद्र कुरील को निलंबित कर दिया। जिलाधिकारी की इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने तहसीलों में लंबित राजस्व प्रकरणों की गहन समीक्षा की। इस दौरान धारा-24 के तहत पैमाइश से जुड़े 139 मामले और पत्थरगड्डी के 84 प्रकरण लंबे समय से लंबित पाए गए।मामलों के निस्तारण में गंभीर लापरवाही सामने आने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया। समीक्षा में यह भी सामने आया कि कई मामलों में समयबद्ध कार्रवाई नहीं की जा रही थी, जिससे आम जनता को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।इस पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी की इस सख्त कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हलचल तेज हो गई है। अधिकारियों और कर्मचारियों में जवाबदेही को लेकर गंभीरता बढ़ी है। चर्चा है कि आने वाले दिनों में कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अन्य अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जा सकती है।जिलाधिकारी ने सभी तहसील स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व संबंधी प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। इसका उद्देश्य आम जनता को राहत प्रदान करना और शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

