क्रय केंद्र में पहुंचे किसानों के लिए बैठने व पेयजल की हो बेहतर व्यवस्था : मंडलायुक्त
- DSS Admin
- Jun 06, 2026
महोबा, 06 जून (हि.स.)। चित्रकूट धाम मंडल बांदा के मंडलायुक्त द्वारा शनिवार को महोबा की कुलपहाड़ तहसील क्षेत्र में स्थित पीसीएफ के गेहूं क्रय केन्द्र का निरीक्षण किया गया है। जहां उन्होंने कृषकों के लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था एवं खरीद केंद्र पर साफ सफाई की बेहतर व्यवस्था करने व क्रय केंद्रों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं।
मंडलायुक्त अजीत कुमार ने जिले की कुलपहाड़ तहसील क्षेत्र के जैतपुर संघ स्थित पीसीएफ के गेंहू खरीद केंद्र का निरीक्षण कर कृषकों से गेहूं की खरीद करने व त्वरित गति से भारतीय खाद्य निगम में डिलीवरी कराने के साथ ही सभी किसानों को 48 घंटे के अंदर भुगतान कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही क्रय केंद्र पर पहुंचे किसानों के लिए शुद्ध पेयजल और बैठने की बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने आयुक्त को जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में अभी तक 6570 कृषकों से 30932.72 मीट्रिक टन की खरीद की गयी है, जो जनपद की गत वर्ष की कुल खरीद 18869.80 मीट्रिक टन से 160 प्रतिशत से भी अधिक है। इसके साथ ही बताया कि रविवारीय अवकाशों में भी केन्द्रों को खोलकर किसानों की तौल करायी जा रही है। इस दौरान निरीक्षण के समय तहसीलदार कुलपहाड़, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबन्धक सहकारिता एवं जैतपुर विकास खंड के सहायक विकास अधिकारी सहकारिता उपस्थित रहे हैं। मंडलायुक्त ने किसानों से नियमानुसार गेहूं की खरीद करने और किसानों को तौल में किसी प्रकार की कठिनाई न होने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया है।
---------------

