अफ्रीका दिवस पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने दी शुभकामनाएं, साझेदारी मजबूत करने की जताई प्रतिबद्धता
- DSS Admin
- May 25, 2026
नई दिल्ली, 25 मई (हि.स.)। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोमवार को ‘अफ्रीका दिवस’ के अवसर पर अफ्रीकी देशों और वहां के नागरिकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भारत और अफ्रीका के बीच लंबे समय से चले आ रहे सहयोगात्मक संबंधों को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
डॉ. जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश में लिखा, “पूरे अफ्रीका महाद्वीप में हमारे सभी भागीदारों को ‘अफ्रीका दिवस’ की शुभकामनाएं। हमारी साझेदारी साझा सफर, आपसी सम्मान और साझा हितों पर आधारित है। हम अपनी एकजुटता को मजबूत करने तथा अपनी साझेदारी को और गहरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
उन्होंने कहा कि भारत और अफ्रीकी देशों के संबंध केवल कूटनीतिक स्तर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, व्यापार और मानवीय सहयोग जैसे विभिन्न क्षेत्रों में लगातार मजबूत हो रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार ने रविवार को अफ्रीका में तेजी से फैल रहे इबोला संक्रमण से निपटने के लिए मानवीय सहायता के तहत चिकित्सा सामग्री और सुरक्षा किटों की पहली खेप रवाना की थी। यह सहायता अफ्रीका रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र (अफ्रीका सीडीसी) को भेजी गई है।
भारत की ओर से भेजी गई इस सहायता को अफ्रीकी देशों के साथ बढ़ते सहयोग और वैश्विक स्वास्थ्य संकट के समय मानवीय समर्थन के रूप में देखा जा रहा है।------------

