डीएम ने खेतों में पहुंचकर लिया फसलों के नुकसान का जायजा, दिए सर्वे के निर्देश
- Admin Admin
- Oct 30, 2025
किसानों से बातचीत कर उनकी स्थिति जानीमुख्य विकास अधिकारी भी रहे साथ
उरई, 30 अक्टूबर (हि.स.)। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व मुख्य विकास अधिकारी ने गुरुवार को खेतों में पहुंचकर बारिश से धान, मटर और बाजरा की फसलों के नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने बारिश के बीच किसानों से बातचीत कर फसल की स्थिति जानी और सभी उप जिलाअधिकारियों को फसलों के नुकसान का सटीक सर्वे शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने उरई तहसील क्षेत्र में धान की फसलों का, माधौगढ़ तहसील में बाजार क्षेत्र का तथा कोच तहसील में मटर की फसलों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जहां धान की फसलें जमीन पर गिर गई हैं, वहां नुकसान अधिक पाया गया है, वहीं जिन खेतों में मटर की बुवाई के बाद अंकुरण नहीं हुआ है, वहां भी फसलों को भी नुकसान हुआ है। जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, राजस्व टीम एवं कृषि विभाग की टीमें खेत-खेत जाकर फसलों की स्थिति का आकलन कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि किसानों को फसल बीमा योजना / कृषि निवेश अनुदान के तहत पात्रता की स्थिति में पूर्ण लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। इस संबंध में बीमा कंपनी के अधिकारी को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे कृषि विभाग एवं लेखपालों की टीमों के साथ संयुक्त रूप से निरीक्षण कर नुकसान का सही आकलन सुनिश्चित करें, जिससे प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा



