सेंट्रल विस्टा में दिल्ली मेट्रो शुक्रवार से हाइड्रोजन से चलने वाली शटल बस सेवा शुरू करेगी
- DSS Admin
- May 14, 2026
नई दिल्ली, 14 मई (हि.स.)। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) 15 मई से सेंट्रल विस्टा क्षेत्र में एकीकृत हाइड्रोजन से चलने वाली शटल बस सेवा शुरू करेगी। यह जानकारी गुरुवार को एक विज्ञप्ति के जरिए दी गई। इस पहल का उद्देश्य सेंट्रल विस्टा क्षेत्र में केंद्रीय सचिवालय और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशनों तथा प्रमुख सरकारी कार्यालयों के बीच निर्बाध अंतिम-मील कनेक्टिविटी प्रदान करना है।
इस पहल के तहत इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) डीएमआरसी को दो अत्याधुनिक हाइड्रोजन-ईंधन वाली बसें उपलब्ध करा रहा है। इनमें 35 यात्रियों के बैठने की क्षमता है। यह शटल सेवा सुबह 8:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और दोपहर 3:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक चलेगी। हर 30 मिनट में एक बस उपलब्ध होगी।
विज्ञप्ति के मुताबिक, किराया वसूली राष्ट्रीय साझा गतिशीलता कार्ड (एनसीएमसी), यूपीआई और नकद भुगतान विकल्पों के माध्यम से सुगम बनाई जाएगी। इसमें चरणबद्ध रूप से 10 और 15 की किफायती टिकट दरें होंगी। डीएमआरसी बस संचालन, कंडक्टर, टिकट प्रणाली और यात्री सहायता की देखरेख करेगा, जबकि आईओसीएल ड्राइवर और हाइड्रोजन ईंधन सहायता प्रदान करेगा।
---------------

