डॉ. मुहम्मद नईम इंडियन सोशल साइंस एकेडमी की कार्य परिषद के संयुक्त सचिव नामित
- DSS Admin
- Jun 28, 2026
झांसी, 28 जून (हि.स.)। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झाँसी के समाज कार्य विभाग के सहायक आचार्य एवं बुंदेलखंड के सामाजिक- सांस्कृतिक क्षेत्र में सक्रिय शिक्षाविद् डॉ. मुहम्मद नईम को इंडियन सोशल साइंस एकेडमी की कार्य परिषद का संयुक्त सचिव नामित किया गया है। डॉ मुहम्मद नईम की यह नियुक्ति बाबा साहब अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय लखनऊ में आयोजित एकेडमी की कार्य परिषद की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार की गई है। डॉ. नईम लंबे समय से उच्च शिक्षा, सामाजिक न्याय, शोध, अकादमिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनके शैक्षणिक अनुभव, संगठनात्मक क्षमता तथा सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।
संयुक्त सचिव के रूप में डॉ. नईम एकेडमी की शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों को सुदृढ़ बनाने, सामाजिक विज्ञान के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान को बढ़ावा देने तथा देशभर के शिक्षाविदों, शोधार्थियों एवं संस्थानों के बीच समन्वय स्थापित करने की दिशा में कार्य करेंगे।
अपनी नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए डॉ. मुहम्मद नईम ने रविवार काे कहा कि यह दायित्व उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वे एकेडमी के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने, सामाजिक विज्ञान के क्षेत्र में शोध एवं अकादमिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने तथा शिक्षा जगत के हित में पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
एकेडमी की बैठक में अध्यक्ष प्रो जी डी शर्मा, महासचिव प्रो एन पी चौबे, पूर्व अध्यक्ष प्रो राना प्रताप सिंह, प्रो मनीराम सिंह, प्रो. विकास गुप्ता, प्रो. शशि कुमार सिंह, प्रो. ब्रातोती होरे, प्रो. प्रियदर्शनी एम गंगाते सहित जौनपुर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. राजाराम यादव, हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग के कुलपति प्रो संजय तिवारी, गुरु राम राय विश्वविद्यालय देहरादून के प्रो ओम नारायण तिवारी, वर्धमान विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. निमाई चंद्र साहा, इग्नू के पूर्व प्रोफेसर मनोहर लाल सहित एकेडमी कार्य परिषद के सदस्य उपस्थित रहे।
---------------

