जदयू जेपी, महात्मा गांधी, कर्पूरी ठाकुर और लोहिया के विचारों पर चलने वाली पार्टी : मनीष वर्मा

पटना/जहानाबाद, 06 अक्टूबर (हि.स.)। जहानाबाद में रविवार को जदयू का कार्यकर्ता समागम आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय महासचिव मनीष कुमार वर्मा शामिल हुए। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जनता दल (यूनाइटेड) जयप्रकाश नारायण, महात्मा गांधी, कर्पूरी ठाकुर, बाबा साहब भीमराव अंबेडकर एवं राम मनोहर लोहिया के विचारों पर चलने वाली पार्टी है।

उन्होंने कहा कि जहानाबाद का इतिहास रक्तरंजित रहा है, यहां बड़े-बड़े नरसंहार हुए हैं, बच्चों और महिलाओं की हत्यायें हुईं। जो मर रहा था, उसे मरने के लिए छोड़ दिया गया। महिलाओं की इज्जत लूट रही थी तो लूटने के लिए छोड़ दिया गया था। कुछ दिन पहले लोकसभा चुनाव के दौरान जहानाबाद के सिकड़िया गांव जाने का मौका मिला। वहां मैं यह जान पाया कि मुख्यमंत्री द्वारा 'आपकी सरकार, आपके द्वार' योजना की नींव पड़ी। इसकी शुरुआत इसी गांव से पूरे बिहार में की गई थी।

मनीष वर्मा ने कहा कि विषम परिस्थिति में कार्यकर्ताओं ने संघर्ष करके समता पार्टी को स्थापित किया। वर्ष 2005 से पहले पूरे बिहार में जंगल राज था। ऐसे समय में समता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अपने त्याग, तपस्या और समर्पण से पार्टी को मजबूत करने का काम किया। विकासशील बिहार बनाने का काम जदयू के कार्यकर्ताओं के दम पर नीतीश कुमार ने किया है। निरंतर 19 सालों से नीतीश कुमार हमारा नेतृत्व कर रहे हैं और सरकार में रहकर बिहार के लिए निरंतर विकास का काम कर रहे हैं।

मनीष वर्मा ने कहा कि बिहार का जीर्णोधार व पुनर्विकास मात्र केवल नीतीश कुमार ही कर सकते हैं। बीस वर्ष पहले बिहार की क्या स्थिति थी, हम सबको पता है। बिहार में किस प्रकार का जंगलराज था, यह किसी से छिपा नहीं है। बहन-बेटियां कितनी असुरक्षित थीं, कोई अपने बच्चों को शाम को घर से बाहर नहीं छोड़ना चाहता था। आज वही बिहार है, जहां हमारी बहन-बेटियां रात के 12 बजे भी निश्चिंत होकर बाहर घूम रही हैं।

मनीष वर्मा मे विरोधियों पर तंज कसते हुए कहा कि विरोधी चाहे सरकार पर कितने भी प्रश्न उठा ले, जब उनका समय था तो बिहार के लिए कुछ किया नहीं और अब बस दोषारोपण करते हैं। विरोधियों के लिए उन्होंने कहा कि अन्य पार्टी के लोग बिहार का विकास नहीं चाहते थे। गरीब को गरीब बना कर रखना चाहते थे, जिससे कि उन्हें मूर्ख बनाकर उनपर शासन करते रहें।

कार्यकर्ता समागम चार सत्रों में संपन्न हुआ, जिसमें बूथ-पंचायत से लेकर जिले के सभी महत्वपूर्ण कार्यकर्ताओं की उपस्थिती रही। साथ ही अंतिम सत्र में विधानसभा वार मनीष कुमार वर्मा ने कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

   

सम्बंधित खबर