दतिया: भाई ही निकला भाई का कातिल, जमीन विवाद में रची हत्या की साजिश
- DSS Admin
- Jun 08, 2026
4 दिन में भांडेर पुलिस ने किया ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, पांच फरार
दतिया, 08 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया जिले भांडेर पुलिस ने जमीन और पारिवारिक संपत्ति के विवाद में हुई एक सनसनीखेज हत्या का चार दिनों में खुलासा कर दिया है। मामले का खुलासा सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दतिया एएसपी सुनील कुमार शिवहरे एवं एसडीओपी भांडेर पूनमचंद यादव ने किया।
एएसपी सुनील कुमार शिवहरे ने बताया कि 02 जून 2026 को ग्राम अजीतपुरा के समीप नदी में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर आवश्यक कार्रवाई की। मृतक की पहचान विनोद यादव उर्फ खुशी यादव (38) निवासी अजीतपुरा के रूप में हुई।
03 जून को मृतक के बड़े भाई मनोज यादव ने मर्ग कायम कराते हुए बताया था कि विनोद यादव दूध देने के लिए भाण्डेर गया था और वापस नहीं लौटा। बाद में उसकी मोटरसाइकिल खेत में खड़ी मिली तथा नदी में उसका शव बरामद हुआ। प्रारंभिक तौर पर मामला दुर्घटना प्रतीत हो रहा था, लेकिन पुलिस को घटनाक्रम संदिग्ध लगा।
एसडीओपी पूनमचंद यादव ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों, वैज्ञानिक जांच एवं गहन पूछताछ के आधार पर मामले की सूक्ष्म विवेचना की गई। जांच के दौरान सामने आया कि मृतक का अपने परिजनों से जमीन और पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतक के बड़े भाई मनोज यादव ने अपने साथियों करण यादव, राहुल यादव, रवि यादव, गुलशन यादव एवं आकाश दोहरे के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। आरोपियों ने विनोद यादव को कार में बैठाकर घुमाया, शराब पिलाई और अत्यधिक नशे की हालत में नदी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद घटना को दुर्घटनावश डूबने से हुई मौत साबित करने का प्रयास किया गया।
साक्ष्यों के आधार पर थाना भांडेर में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने 08 जून को मुख्य आरोपी मनोज यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। मामले में शामिल पांच आरोपी राहुल यादव, करण यादव, रवि यादव, गुलशन यादव एवं आकाश दोहरे अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
एएसपी सुनील कुमार शिवहरे ने कहा कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इस अंधे कत्ल का खुलासा करने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि तकनीकी एवं वैज्ञानिक जांच के माध्यम से कम समय में मामले का सफल खुलासा किया गया है।
---------------

