यमुनानगर: बेटियां समाज को नई दिशा देने का कर रही है काम: रेनु भाटिया
- Admin Admin
- Apr 22, 2025

यमुनानगर, 22 अप्रैल (हि.स.)। बेटियां शक्ति का रूप है। वे हर क्षेत्र में कंधे से कंधा मिलाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही है। यही वजह है आज बेटियां समाज को नई दिशा देने का भी काम कर रही है। उक्त शब्द हरियाण महिला आयोग की चेयरमैन रेनू भाटिया ने डीएवी कन्या महाविद्यालय के शिक्षा सेंटर की ओर से लीगल, पोश व पोक्सो एक्ट पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान कहे। अधिवक्ता रितू कपूर ने भी पोश व पोक्सो एक्ट पर अपना वक्तव्य प्रस्तुत किया। इस दौरान विश्व पृथ्वी दिवस पर पौधा रोपण भी किया।
मंगलवार को रेनू भाटिया ने कहा कि किशोरावस्था पार करने के बाद हर लडकी में अपना भला बुरा सोचने की समझ विकसित हो जाती है। इसलिए वे किसी के बहकावे में न आए। जब लडकियों की सुरक्षा की बात आती हैं, तो सबसे पहले उनके साथ हुए अपराध की घटनाएं जहन में कौंधने लगती है। उन्होंने माना कि लडकियों के साथ साल-दर-साल अपराध की घटनाएं बढ रही है, लेकिन थोडी सी जागरूकता व सतर्कता से उन पर अंकुश लगाया जा सकता है।
पिछले कुछ वर्षो में महिलाओं के साथ हुए अत्याचारों का उदाहरण देते हुए उन्होंने छात्राओं को जागरूक किया। साथ ही उन्होंने छात्राओं को परिवार प्रबंधन के टिप्स भी दिए और कहा कि जीवन में वे लडकियां व महिलाएं ज्यादा सफल होती हैं, जो शादी से पहले माता-पिता व शादी के बाद सास-ससुर व पति को तहरीज देती हैं।
अधिवकता रितू कपूर ने कहा कि छात्राएं उम्र के जिस पडाव से गुजर रहीं हैं, वहां पर ज्यादा संभलने की जरूरत है। जो लडके स्कूल व कॉलेज में पढाई के दौरान लडकियों को बहला फुसलाकर उनके साथ गलत काम करते हैं, उनका उद्देश्य शादी करना नहीं होता। कामकाजी महिलाओं को कार्य स्थल पर सुरक्षा प्रदान करने के लिहाज से पोश एक्ट बनाया गया है। जबकि पोक्सो एक्ट के तहत नाबालिगों को सुरक्षा प्रदान की गई है। उन्होंने निर्भया केस का जिक्र भी किया।
हिन्दुस्थान समाचार / अवतार सिंह चुग