कॉलेजियम से बने जज बड़े नेताओं को खुश रखते हैं- मुरारीलाल मीणा

-दौसा सांसद का विवादित बयान

दौसा, 21 सितंबर (हि.स.)। दौसा सांसद मुरारीलाल मीणा ने प्रधानमंत्री, गृह मंत्री व आरएसएस पर कटाक्ष किए और देश में आतंकवाद फैलाने का आरोप लगाया। पार्टी ने विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम में उन्होंने जजों की चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट में जजों के चयन को लेकर परीक्षा आयोजित की जानी चाहिए। जो ईमानदारी से परीक्षा के जरिए चयनित होगा, वह किसी सरकार के दबाव में काम नहीं करेगा। कॉलेजियम से बनने वाले जज बड़े नेताओं को खुश रखने के लिए उनकी ही बात करते हैं। राजस्थान में भी कई ऐसे परिवार हैं जिनके 10-10 जज बन गए। वर्तमान में सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस के पिता भी सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस थे। सांसद ने कहा कि भाजपा के लोग आजादी के वक्त से ही राष्ट्रभक्ति की बात करते हैं। आजादी आंदोलन में कई लाख लोग मारे गए, लेकिन भाजपा के किसी भी कार्यकर्ता ने अंगुली भी नहीं कटवाई थी। ये तनख्वाह पर अंग्रेजों के लिए सूचना देते थे। नौकर बनकर सूचनाएं लीक करते थे। बीच में इनका मामला चल गया था, लेकिन जनता अब फिर से समझ चुकी है कि कांग्रेस और राहुल गांधी का एजेंडा क्या है।

उन्होंने कहा कि यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वास्तव में देश हित की बात करते हैं तो जो लोग राहुल गांधी पर बयानबाजी करने वाले नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। यदि कार्रवाई नहीं कर रहे हैं तो स्पष्ट है कि उनके इशारे पर ही राहुल गांधी के खिलाफ बयान दिए जा रहे हैं। वो जानबूझकर देश का माहौल खराब करा रहे हैं। बुलडोजर कार्रवाई पर सुप्रीम कोर्ट को फैसला देना पड़ा। भाजपा के नीचे लेकर ऊपर तक के कार्यकर्ताओं में मानवता नहीं है। ये केवल जाति और धर्म के नाम विवाद पैदा करके झगड़ा फैलाकर सत्ता प्राप्त करना चाहते हैं। जब उनका मुखिया ही ऐसा है तो नेता भी उसी राह पर हैं। उनका मुखिया चाहता है कि देश का वातावरण खराब हो और आतंकवाद फैले। आतंकवाद तो यह खुद फैला रहे हैं और नाम हमारा लग रहा है। उनके प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, राष्ट्रीय अध्यक्ष व कार्यकर्ता उल्टा काम कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में हम सबको मिलकर भाजपा का डटकर मुकाबला करना होगा। ये अब भ्रमित हो रहे हैं। नरेंद्र मोदी 15 साल तक मुख्यमंत्री और 10 साल प्रधानमंत्री रहे तो कभी किसी ने सामना नहीं किया और प्रतिपक्ष ने भी कोई जवाब नहीं दिया। वे पहली बार अपने आप को असहाय महसूस कर रहे हैं। लोकसभा में मोदी की हाय-हाय कर पानी पिला रखा है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय रेलवे राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू द्वारा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर की गई टिप्पणी के विरोध में शहीद स्मारक पर धरना प्रदर्शन कर पुतला फूंका।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चरणजीत

   

सम्बंधित खबर