स्वामी दयानंद सरस्वती के विचारों को घर-घर तक पहुंचाएं :राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय
- Admin Admin
- Mar 09, 2025

एक वर्ष में देश के एक करोड़ किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ने का लक्ष्य : आचार्य देवव्रत
वर्ष 2047 तक भारत को संपूर्ण रूप से विकसित बनाने में आर्य समाज की होगी बहुत बड़ी भूमिका : महिपाल ढांडा
रोहतक, 9 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के महामहिम राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि समाज के निर्माण में स्वामी दयानंद सरस्वती की बहुत बड़ी देन है। हमें आर्य समाज के मूल्यों को घर-घर तक पहुंचना है और इसके लिए जन-जन में क्रांति लानी है। सभ्य समाज और राष्ट्र के निर्माण में आर्य समाज की बहुत बड़ी सार्थक भूमिका होगी।
राज्यपाल श्री दत्तात्रेय रविवार को स्थानीय दयानंद मठ में स्वामी दयानंद सरस्वती की 200वीं जयंती और आर्य समाज की स्थापना के 150 वर्ष पूरा होने के उपलक्ष में आर्य प्रतिनिधि सभा हरियाणा के तत्वावधान में आयोजित आर्य महासम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। आर्य महासम्मेलन की अध्यक्षता गुजरात के महामहिम राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने की। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
राज्यपाल ने गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे महर्षि दयानंद सरस्वती के विचारों और सिद्धांतों को आगे बढ़ाने के साथ-साथ देशवासियों को प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करने का काम कर रहे हैं, जो कि बहुत ही सराहनीय है। उनके इन कार्यों की जितनी प्रशंसा की जाए उतनी कम है। उन्होंने कहा कि स्वामी दयानंद सरस्वती ने सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए कार्य किया। हमें उनको मिलकर आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में युवाओं में संस्कार भरने हैं ताकि उनके सही व्यक्तित्व का निर्माण हो सके।
एक वर्ष में देश के एक करोड़ किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ने का लक्ष्य :आचार्य देवव्रत
गुजरात के महामहिम राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि समय बदलने के साथ-साथ हमारे सामने चुनौतियां भी बदल गई हैं। पहले जहां महिलाओं में शिक्षा का अभाव था, आज महर्षि दयानंद सरस्वती के विचारों की बदौलत महिलाओं ने शिक्षा पाकर उन्नति के हर उच्च मुकाम हासिल किए हैं। सामाजिक कुरीतियां समाप्त हो रही हैं। लोगों के शिक्षित होने से समाज में भेदभाव मिट रहा है। उन्होंने कहा कि आज हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती जहरीली खेती से निजात दिलाने, जमीन को बचाने, ग्लोबल वार्मिंग को मिटाने और नशे की दलदल में जा रही युवा पीढ़ी के जीवन को बचाने की है। उन्होंने कहा कि इन सभी समस्याओं से निजात पाने का एकमात्र उपाय प्राकृतिक खेती है। प्राकृतिक खेती को अपनाकर हम न केवल अपने स्वास्थ्य को सही रख सकते हैं बल्कि धरती माता को भी बचा सकते हैं।
स्वामी दयानंद के सिद्धांतों के प्रचार को आज तेजधार देने की जरूरत है:महिपाल ढांडा
हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने आर्य महासम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा वर्ष 2047 तक भारत को संपूर्ण रूप से विकसित बनाने के लिए बनाए गए लक्ष्य में आर्य समाज की बहुत बड़ी भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि आर्य समाज के प्रचारकों ने हमेशा से ही समाज को सही रास्ता दिखाने के साथ-साथ सामाजिक बुराइयों को दूर करने का संदेश दिया है। आज एक बार फिर से उस प्रचार को तेज धार देने की जरूरत है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल