दुर्ग स्थित भीमलत कुंड में डूबे अज्ञात व्यक्ति का निकाला शव, पैर फिसलने से गहराई में चला गया था वृद्ध

चित्तौड़गढ़, 25 मई (हि.स.)। दुर्ग स्थित भीमलत कुंड में रविवार शाम डूबे अज्ञात व्यक्ति का शव सोमवार सुबह बरामद कर लिया गया। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। नहाते समय पैर फिसलने से यह गहराई में चले जाने और डूबने की बात सामने आई है।

चित्तौड़गढ़ कोतवाली थाने के एएसआई महेंद्रसिंह ने बताया कि रविवार शाम एक अज्ञात व्यक्ति भीमलत कुंड में डूब गया था। उसे डूबते हुए पास ही नहा रहे एक अन्य व्यक्ति ने देखा और दुर्ग के गार्ड व लोगों को सूचना दी। दुर्ग निवासी पवन नाथ ने तुरंत कुंड में तलाश की, लेकिन पता नहीं चला। इसके बाद कोतवाली थाने की सूचना पर सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची। हेमंत भोई, रामलाल भोई, बबलू भोई, मुकेश भोई, किशन भोई, खैमराज भोई, भेरू भोई, नारायण भोई, रमेश भोई व रतन भोई ने तलाश शुरू की। अंधेरा होने के कारण रात को तलाशी अभियान रोक दिया गया। सोमवार को सिविल डिफेंस की टीम फिर मौके पर पहुंची। इस दौरान शव स्वतः ही पानी की सतह पर आ गया था। दुर्ग निवासी पवननाथ ने शव को पानी से किनारे तक लेकर आए। बाद में सिविल डिफेंस की टीम ने कुंड से शव बाहर निकाला। कोतवाली थाने के एएसआई ने बताया कि मृतक के पास कोई दस्तावेज या मोबाइल नहीं मिला। मौके पर इसके कपड़े मिले थे। आशंका है कि व्यक्ति नहाने के लिए कुंड में उतरा था और पैर फिसलने से गहराई में जाकर डूब गया। पुलिस शिनाख्त के प्रयास कर रही है। फिलहाल इसके शव को जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया है, जिसका परिजनों के आने पर पोस्टमार्टम होगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर