जापान के प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर गुवाहाटी में तैयारियां ज़ोरों पर, मंत्री अशोक सिंघल ने किया निरीक्षण
- DSS Admin
- Jun 17, 2026
गुवाहाटी, 17 जून (हि.स.)। जापान के प्रधानमंत्री के गुवाहाटी दौरे को लेकर पूरे गुवाहाटी में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इस महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय दौरे को सफल और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न करने के लिए प्रशासन, पुलिस और विभिन्न सरकारी विभागों ने मिलकर काम शुरू कर दिया है। इस बीच, गुवाहाटी की कई महत्वपूर्ण सड़कों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों को नया रूप दिया गया है।
इन तैयारियों की प्रगति की समीक्षा करने के लिए बुधवार को असम सरकार के मंत्री अशोक सिंघल जालुकबाड़ी इलाके में पहुंचे। उनके साथ पुलिस और प्रशासन का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद था। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने विभिन्न विकासात्मक और सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा की।
मंत्री अशोक सिंघल ने बताया, जापान के प्रधानमंत्री का आगमन असम और गुवाहाटी के लिए बेहद महत्वपूर्ण और गौरव की बात है। इस दौरे से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य की छवि और अधिक मजबूत होगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों को सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और रोशनी (लाइटिंग) पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, इस दौरे के मद्देनजर गुवाहाटी के विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की जा रही है। इसके साथ ही शहर के सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों को भी तेजी से पूरा किया जा रहा है।
---------------

