सोरिद वार्ड में संचालित शराब दुकान से वार्डवासी हलकान, हटाने की मांग
- Admin Admin
- Mar 18, 2025
धमतरी, 18 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग 30 से लगे सोरिद वार्ड में संचालित शराब दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने और वार्ड में व्याप्त समस्याओं के निराकरण को लेकर 18 मार्च को वार्डवासी नगर निगम कार्यालय व कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। वार्डवासियों की समस्या को सुनने के बाद समस्या के निराकरण का आश्वासन दिया गया।
नगर निगम पहुंचे सोरिद वार्ड के कामता प्रसाद साहू, सागर सोनी, बलराम रजक, कर्ण राम चंद्राकर, अवधेश ठाकुर, मौर्य, नीरा साहू, बबिता, मिसेज जानसन, खोमिन सिन्हा, इंद्रेश देवांगन, रितेश नेताम, राकेश तिवारी, मीनाक्षी सोनी, सागर सोनी ने बताया कि, सोरिद वार्ड में लंबे समय से राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे शराब दुकान संचालित हो रही, जहां पर लोग काफी संख्या में पहुंचते हैं। शराब खरीद कर सड़क किनारे ही खुले में पीने लगते हैं, इसके कारण काफी सुविधा का सामना करना पड़ रहा है। चखना सेंटर के कारण सड़क के दोनों और कचरे का अंबार लगा हुआ है, इस ओर नगर निगम का ध्यान ही नहीं है। प्रशासन द्वारा वार्ड में स्थित नेशनल हाईवे क्रमांक 30 (रायपुर से जगदलपुर) में देशी-विदेशी शराब दुकाना संचालन किया जा रहा है। शराब दुकान के आस-पास अनेक अहाता एवं चखना सेंटर संचालित हो रहे हैं। यहां शाम ढलते ही अन्यत्र स्थानों के शरारती तत्वों का जमवाड़ा लग जाता है। नशे की हालत में आए दिन आपस में झगड़ना, गाली गलौच, मारपीट, अश्लील गाली गलौच करना। राह चलते महिलाओं पर छीटाकंशी की घटनाएं दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं। जिसके कारण आस-पास एवं वार्ड का माहौल गंदा हो रहा है। कालोनी के निवासियों में सामाजिक असुरक्षा की भावना में वृद्धि हो रही है। वार्डवासी मानसिक रूप से अपने को प्रताड़ित महसूस कर रहे हैं। नगर निगम के बाद कलेक्टोरेट कार्यालय पहुंचे वार्डवासियो की समस्या सुनने के बाद अपर कलेक्टर रीता यादव ने आबकारी विभाग के अधिकारी से वार्डवासियों की समस्या का निराकरण करने की बात कही।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा



