हांसी : बिजली की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने बिजली निगम में किया प्रदर्शन
- Vijesh Sharma
- Jun 30, 2026

ग्रामीणों ने दिया 10 दिनों का अल्टीमेटम
हांसी, 30 जून । गांव राजथल में पिछले काफी दिनों से बिजली
की काफी कम वोल्टेज और कटो की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने मंगलवार काे बिजली निगम के कार्यालय
पर पहुंचकर बिजली विभाग के अधिकारियों के समर्थन में जिंदाबाद के नारे लगाकर गांधीगिरी
तरीके से प्रदर्शन किया। इस समस्या का समाधान करवाने के लिए ग्रामीण निगम के अधिकारियों
के बार-बार चक्कर काटने को मजबूर हैं। बिजली निगम के एसडीओ और नारनौंद के एसडीएम विकास
यादव ने जल्द ही उनकी समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन दिया है।ग्रामीणों ने कहां
की अगर 10 दिन के अंदर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन का तरीका बदलकर धरना प्रदर्शन
किया जाएगा।
बिजली समस्या से परेशान गांव राजथल के ग्रामीण सरपंच प्रतिनिधि अनिल, दिलबाग,
वीरेंद्र, शमशेर, जगरूप, संदीप, सुनील, पवन, निर्मला, मोनिका, खुजानी, शांति, सोनिया,
अनीता, अंजू, बिमल, सोनिका, नीलम, रोशनी, पूनम, संगीता, पूजा सहित अन्य ग्रामीण ट्रैक्टर
ट्रालियों में सवार होकर मंगलवार को नारनौंद बिजली निगम के कार्यालय में पहुंचे। ग्रामीणों
ने उग्र प्रदर्शन ना करके शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया। बिजली निगम के एसडीओ
प्रदीप हुड्डा को ग्रामीणों ने बताया कि पिछले काफी महीनों से उनके गांव में बिजली
काफी कम वोल्टेज में आ रही है। जिसकी वजह से बिजली से चलने वाले उपकरण बार बार खराब
रहे हैं और गर्मी के मौसम में बच्चों व बुजुर्गों सहित जच्चा-बच्चा महिलाओं को काफी
परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पहले हमारे गांव की बिजली की आपूर्ति नारनौंद
बिजली घर से होती थी लेकिन पिछले कुछ महीनों से गांव बुढाना के बिजली सब स्टेशन से
लाइन जोड़कर वहां से बिजली दी जा रही हैं। तभी से कम वोल्टेज की समस्या बनी हुई हैं।
ग्रामीणों ने मांग की है कि उनके गांव की बिजली दोबारा से नारनौंद बिजली घर से जोड़ी
जाए। करीब 15 दिन पहले भी इसी समस्या को लेकर ग्रामीण बिजली विभाग के कार्यकारी अभियंता
और एसडीओ से मिले थे।
बिजली निगम के एसडीओ प्रदीप हुड्डा ने बताया कि गांव में बिजली की वोल्टेज
की चैक करवाया गया था गांव में काफी कम वोल्टेज जा रही हैं। ग्रामीणों ने नारनौंद से
बिजली सप्लाई की मांग की है। इसका एस्टीमेट बनाकर अधिकारियों को भेज दिया जाएगा। जल्द
ही बिजली की लाइन यहां से जोड़ दी जाएगी।
एसडीएम विकास यादव ने बताया कि ग्रामीणों की जो समस्या है उसके लिए उच्च अधिकारियों
को अवगत करवा दिया गया है। ग्रामीणों की समस्या का समाधान जल्द ही करवा दिया जाएगा।

