एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने की धक्का मुक्की, पुलिस को उकसाने का प्रयास

चित्तौड़गढ़, 7 अगस्त (हि.स.)। छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं की आेर से चित्तौड़गढ़ जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। दौरान कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट परिसर में जबरन घुसने का भी प्रयास किया। इसमें पुलिस के साथ धक्का मुक्की की नौबत आ गई। वहीं एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने पुलिस को उकसाने का भी प्रयास किया। पुलिस जाब्ता व अधिकारी संयम बरत कर रहे। एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष ने तो पुलिस पर ही लाठीचार्ज का आरोप लगा दिया, जबकि लाठीचार्ज की नौबत ही नहीं आई।

जानकारी के अनुसार एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में छात्र संघ चुनाव की बहाली को लेकर चित्तौड़गढ़ कलक्ट्रेट का घेराव किया गया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस की ओर से कार्यकर्ताओं को कलक्ट्रेट परिसर में घुसने से रोकने का प्रयास किया। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का मुक्की भी देखने को मिली। पुलिस प्रशासन ने काफी संयम दिखाया और जबरन अंदर घुस रहे कार्यकर्ताओं को धकेलते नजर आए।

बाद में एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया गया। प्रदेश अध्यक्ष के आरोपों के उलट इस तरह की कोई भी घटना नहीं हुई। प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं में गुटबाजी दिखी। इसमें कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष जाखड़ के सामने ही आपस में उलझते हुए दिखाई दिए।प्रदर्शन के बाद प्रदेश अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि छात्र संघ चुनाव होना बहुत आवश्यक है। इसका कारण है कि कॉलेज कैंपस और विश्वविद्यालय में कहीं ना कहीं प्रशासन की तानाशाही होती है और छात्र संघ चुनाव से ही राजनीति में भविष्य की पौध तैयार होती है। छात्र संघ चुनाव से प्रदेश के बहुत बड़े-बड़े छात्र नेताओं ने विधानसभा और लोकसभा में नेतृत्व किया है। प्रदेश की सरकार पर हमला बोलते हुए जाखड़ ने कहा कि जिस तरह से प्रदेश सरकार ने चुनाव से पहले वादा किया था कि छात्र संघ के चुनाव होंगे और आज युवा उनकी तरफ बड़ी उम्मीद लगाए देख रहा है। लेकिन भजनलाल सरकार के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही है। इसी को लेकर आज एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने चित्तौड़गढ़ कलक्ट्रेट का घेराव किया है। वहीं पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया है और लाठी चार्ज भी किया है और उनके ऊपर मुकदमे लगाने की भी तैयारी कर रही है।

पुलिस ने धकेला लेकिन नहीं हुआ लाठीचार्ज

प्रदेश अध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में जिला कलक्ट्रेट पर हुए प्रदर्शन के दौरान जहां एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जम कर नारेबाजी की और कलक्ट्रेट के मुख्य फाटक पर चढ़ कर कूदने का प्रयास किया। धक्का देकर पुलिस को कई बार उकसाने का प्रयास भी किया, लेकिन पुलिस ने सिर्फ कार्यकर्ताओं को कलक्ट्रेट परिसर में अंदर आने से रोकने का प्रयास किया। इस प्रदर्शन के बाद एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष जाखड़ ने मीडिया से पुलिस प्रशासन पर लाठीचार्ज करने के झूठे आरोप भी लगाए, जिसमें धरातल पर किसी भी प्रकार की सच्चाई दिखाई नहीं दी। पुलिस ने पूरे प्रदर्शन के दौरान पूरी तरह से संयम रखा।

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल / संदीप

   

सम्बंधित खबर