भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर उपमुख्यमंत्रियों, प्रदेश अध्यक्ष सहित पदाधिकारियों ने मनाया जीत का जश्न 

लखनऊ, 08 फरवरी(हि.स.)। लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मुख्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित प्रदेश एवं लखनऊ महानगर के पदाधिकारियों ने मिल्कीपुर विधानसभा में उपचुनाव और दिल्ली विधानसभा चुनाव की जीत का जश्न मनाया।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व पर एक बार फिर से जनता ने विश्वास जताया है। दिल्ली में भाजपा की जीत, विकास की जीत है। प्रधानमंत्री के विकास कार्यों को दिल्ली की जनता ने पसंद किया है और भाजपा का कमल का फूल खिलाया है। मिल्कीपुर उपचुनाव में कार्यकर्ताओं ने जमकर मेहनत की है। मिल्कीपुर में भाजपा की सरकारों का विकास पसंद कर जनता ने भाजपा को विजय हासिल करायी है। जीत के बाद कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है।

भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं ने बम पटाखे बजाये और भाजपा का झंडा लहराते रहे। पटाखे बजाने वालों में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद भी शामिल हुए। लखनऊ महानगर के अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी ने एकत्रित हुए कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों को मिष्ठान खिलाया।

वहीं उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में दिल्ली एवं मिल्कीपुर उपचुनाव में जीत कर जश्न मनाया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने भाजपा की जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भूरी भूरी प्रशंसा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श.चन्द्र

   

सम्बंधित खबर