हमारे देश की सेना ने घर में घुसकर आतंकवादियों को मिट्टी में मिला दिया : केशव प्रसाद मौर्य

-कंगाल, बेहाल और बदहाल पाकिस्तान आज दुनिया के सामने गिड़गिड़ा रहा-चीन सहित कई देश भारत की प्रगति से परेशान हैं : केशव प्रसाद मौर्य

प्रयागराज, 11 मई (हि.स.)। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार की सायं प्रयागराज पहुंचे। उन्होंने सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं से कहा कि पूरा देश पहलगाम की आतंकवादी घटना को लेकर गुस्से में था और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि हम आतंकवादियों को मिट्टी में मिला देंगे। उन्होंने देश के तीनों सेनाओं को देश के दुश्मनों और आतंकवादियों से निपटने के लिए स्वतंत्रता दी और हमारी वायु सेना, नौसेना और थल सेना ने न सिर्फ पाक अधिकृत कश्मीर बल्कि पाकिस्तान के अंदर घुसकर करांची, लाहौर, इस्लामाबाद, रावलपिंडी में अपने शौर्य का परचम लहराते हुए आतंकवादियों के कैंप पर हमला कर उन्हें जहन्नुम में पहुंचा दिया।

उन्होंने बताया कि इस हमले में कई आतंकवादी मारे गए तो पाकिस्तान के आका जो आतंकवादियों की फैक्ट्री के जन्मदाता हैं वो घबराहट में आकर आतंकवादियों के जनाजे में भी शामिल होकर मातम मना रहे थे। जिसे देश और दुनिया ने देखा। और फिर उन्होंने ड्रोन से भारत के ऊपर हमला करना शुरू किया तो हमारे सैनिकों ने उनका मुंहतोड़ जवाब देते हुए सुदर्शन चक्र से उनका सफाया कर दिया। मात्र दो दिन बाद ही कंगाल, बहाल एवं बदहाल पाकिस्तान दुनिया के कई देशों में जाकर युद्ध विराम का गुहार लगाने लगा।

डिप्टी सीएम ने बताया कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के तीनों सेना अध्यक्षों एवं राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के सभी अधिकारियों के साथ बैठक कर युद्ध विराम के निर्णय को अपनी शर्तों पर स्वीकार करते हुए कहा कि सिंधु जल समझौता बहाल नहीं होगा और पाकिस्तान किसी भी प्रकार से भारत के अंदर आतंकी हमला करता है तो उसे युद्ध समझा जाएगा और उसके बाद भी पाकिस्तान में सीज फायर तोड़ा तो हमारे देश के जवानों ने उसका मुंह तोड़ जवाब दिया।

उन्होंने आगे कहा कि चीन सहित दुनिया के कई ऐसे देश हैं जो भारत की प्रगति से परेशान हैं और वह चाहते हैं कि भारत युद्ध में उलझा रहे और उसके विकास के रास्ते रुक रहे। लेकिन भारत आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब भी देगा और विकास के पथ पर आगे बढ़ता भी रहेगा। 2047 में भारत विकसित भारत बनाकर उभरेगा जिसे दुनिया की कोई ताकत रोक नहीं पाएगी। उन्होंने कहा कि भारत युद्ध का पक्षधर नहीं, विकास का पक्षधर है और शक्ति, साहस और बुद्धि के साथ राष्ट्र के विकास के लिए हर फैसला लेने में सक्षम है। उन्होंने कहा आज का दिन भारत के शौर्य का दिन है। आज ही के दिन भारत ने 11 मई 1998 को पोखरण में सफल परमाणु परीक्षण कर भारत ने अपने वैज्ञानिक सामर्थ्य, तकनीकी क्षमता एवं आत्मनिर्भरता का ऐतिहासिक परिचय दिया था।

पूर्व प्रधानमंत्री ’भारत रत्न’ अटल बिहारी वाजपेयी के दृढ़ और दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने पोखरण की धरती पर परमाणु महाशक्ति के रूप में प्रतिष्ठा प्राप्त की तथा इसी के साथ एक सशक्त व आत्मनिर्भर भारत के युग का सूत्रपात हुआ। आज के ही दिन लखनऊ मे देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा ब्रह्मोस एयरोस्पेस इंटीग्रेशन एवं टेस्टिंग फैसिलिटी का वर्चुअल उद्घाटन किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश रक्षा क्षेत्र में तेज़ी से आत्मनिर्भर बन रहा है। उत्तर प्रदेश में स्थापित यह ब्रह्मोस परियोजना न केवल राज्य को डिफेंस सेक्टर में नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी, बल्कि भारत की सामरिक क्षमताओं को और अधिक सशक्त बनाएगी।

मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री अनामिका चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष वीके सिंह, महापौर गणेश केसरवानी, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान यमुनापार जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्त, कुंज बिहारी मिश्रा, वरुण केसरवानी, डॉ उदय प्रताप सिंह, पार्षद किरन जायसवाल, विवेक मिश्रा, विशाल अग्रवाल, सुजीत कुशवाहा, विजय श्रीवास्तव अजय सिंह, विजय पटेल एवं सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

   

सम्बंधित खबर