अखिलेश यादव के पीडीए का गुब्बारा फूट चुका है : केशव प्रसाद मौर्य

-बाबा साहब की जन्म जयंती पर भाजपा को मिला अपार जन समर्थन-मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति करते-करते कांग्रेस पंचर हो गई : केशव प्रसाद मौर्य-उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लगाया जनता दरबार प्रयागराज, 15 अप्रैल (हि.स.)। लखनऊ प्रस्थान होने के पूर्व सर्किट हाउस में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनता दरबार में जनता की समस्याओं से अवगत हुए। उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके पूर्व उन्होंने कार्यकर्ताओं से भेंट किया और कहा कि आगामी होने वाले जिला पंचायत और 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की मजबूती के साथ तैयारी करे। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव 2027 में सपा के अखिलेश यादव अपनी पार्टी का सूपड़ा साफ़ होने की आशंका से बौखला चुके हैं। इस कारण वह अनर्गल बयान देकर सामाजिक ताना-बाना तोड़ने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं। उनकी अपनी यह नीति भी उनकी पार्टी के लिए भस्मासुर साबित होगी, यह तय है। इसके उलट भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र पर काफ़ी गंभीरता से सकारात्मक कार्य कर रही है। ’बाबा साहेब’ डॉ. अंबेडकर की जयंती पर भाजपा को मिला ऐतिहासिक जन समर्थन भी सपा को हज़म नहीं हो रहा है। उसका हाजमा ख़राब हो गया है। सपा का फर्जी पीडीए का गुब्बारा फूट चुका है। सपा को कभी भी गरीबों, पिछड़ों और दलितों का विकास रास नहीं आया है। उन्हाेंने कहा कि राजनीति का इतिहास ’गवाह’ है कि दशकों तक मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति करते-करते कांग्रेस खुद ’पंक्चर’ हो गई है। इस कड़वी सच्चाई के बावजूद वह अभी भी ज़मीनी हक़ीक़त से कोसों दूर है। सच यह भी है कि क्षेत्रीय दलों की बैसाखियों पर घिसटने के अलावा उसके सामने कोई दूसरा रास्ता ही नहीं है।केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि इन सबके बावजूद अकड़ उसकी ऐसी मानो देश का भार उसी पर हो। विपक्ष में होने के बावजूद उसका व्यवहार सत्ता पक्ष जैसा है। लोकतंत्र के बजाय गांधी परिवार की छाया में ’राजशाही’ में यकीन करने वाली कांग्रेस को संविधान की कभी फ़िक्र नहीं रही है। उसके इतिहास में बस एक फर्क यह आया है कि अब वह गांधीजी की खादी को तिलांजलि देकर ’टी-शर्ट’ पर आ गई है। इसका प्रभाव भी जनता पर बेअसर है क्योंकि पांच बार सांसद बनने के बाद भी राहुल गांधी का मतलब ही नामुमकिन है। दूसरी तरफ़ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मतलब ही मुमकिन है। उनके नेतृत्व में भाजपा देश की पिक्चर बदल रही है, जबकि कांग्रेस केवल मुस्लिम समाज को पंचर वाला ही देखना चाहती है।मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी में बताया कि इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने मंडल एवं जिले की नई टीम की गठन को लेकर संगठन के पदाधिकारियों से चर्चा की। इस अवसर भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, अवधेश चंद्र गुप्ता, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, महापौर गणेश केसरवानी, जिलाध्यक्ष गंगापार निर्मला पासवान, यमुनापार राजेश शुक्ला, वरुण केसरवानी रवि, आशीष गुप्ता, डॉ. शैलेश पांडे, डॉ. उदय प्रताप सिंह, विवेक मिश्रा, विजय श्रीवास्तव, अजय सिंह, सुजीत कुशवाहा, विजय पटेल आदि सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

   

सम्बंधित खबर