
रामगढ़, 12 मार्च (हि.स.)। प्रत्येक घर में महिलाओं के संघर्ष की अपनी-अपनी कहानी है। इसमें महिलाओं का विशेष स्थान होता है, जो परिवार को संभालकर चलती हैं। गुड गवर्नेंस व लोकतंत्र की मजबूती में महिलाओं की अहम भूमिका है। वर्तमान दौर में महिलाएं कहीं से भी कम नहीं हैं। पुरूषों के बराबर ही महिलाओं की हर कार्य में भागदारी हो रही है, जो समाज के लिए अच्छा संकेत है। महिलाओं की आत्मविश्वास व आगे बढ़ने की ललक से यह प्रतीत होता है कि उन्हें अवसर मिले, तो वे बुलंदियों पर पहुंचेगी। यह बातें उप विकास आयुक्त (डीडीसी) रोबिन टोप्पो ने बुधवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कहीं।
हरिया दारु छोड़कर बेहतर कार्य में जुटी 12 सौ महिलाएं
डीडीसी रोबिन टोप्पो ने बताया कि रामगढ़ जिले के सभी 6 ब्लॉक में लगभग 1200 महिलाएं जो पारंपरिक रूप से हड़िया-दारू के निर्माण एवं बिक्री की कुप्रथा से जुड़ी हुई थी। उन्हें वैकल्पिक, सम्मानजनक और आजीविका से जोड़ने के लिए फूलों झानों आशीर्वाद अभियान के अंतर्गत आर्थिक सहायता प्रदान की गई। अब वे महिलाएं आजीविका के माध्यम से सम्मानजनक जीवन जी रही है। इस मौके पर फूलो झानो आशीर्वाद अभियान से संबंधित लाभुकों के द्वारा सफलता की कहानी प्रस्तुत कर महिलाओं के विकास की कहानी को प्रदर्शित किया गया और साथ ही साथ नुक्कड़ नाटक का भी प्रदर्शन किया गया।
अभियान से जुड़ने के लिए महिलाओं को किया गया प्रोत्साहित
विधायक ममता देवी ने सभी दीदियों को फूलो झानो आशीर्वाद अभियान में शामिल होने की अपील की। उन्होंने बताया कि अभियान के लाभुकों को काफी लाभ हुआ है। इस अभियान से छुटी हुई दीदियो को जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है और अपने जीवन में आगे बढ़कर खुशियां और सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रेरित किया।
महिलाओं को मिल रहा ब्याज मुक्त रकम
जेएसएलपीएस की डीपीएम रीता सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं को विभिन्न क्षेत्र में बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चलायी जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा शराब बिक्री के कार्य में जुड़ी महिलाओं को सम्मानजनक वैकल्पिक स्वरोजगार से जोड़ने के लिए फूलो झानो आशीर्वाद योजना की शुरूआत की गई है। इसके तहत वैसी महिलाओं को 50 हजार रूपये तक एक साथ ब्याज मुक्त ऋण देने का प्रावधान है। रामगढ़ में 1200 महिलाएं इसका लाभ ले रही हैं। इस मौके पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले फूलों झानो लाभुकों को प्रशस्ति पत्र के साथ उपहार देकर सम्मानित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश