सुपौल, 20 जून (हि.स.)। आकांक्षी प्रखंड बसंतपुर के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित बीडीओ कार्यालय कक्ष में ब्लॉक लेवल टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सुजीत कुमार मिश्रा ने की।
इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लेकर अपने-अपने विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक के दौरान बीडीओ ने सभी विभागीय अधिकारियों से संचालित योजनाओं की अद्यतन जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने अपने विभागों की उपलब्धियों, प्रगति रिपोर्ट और आगामी कार्ययोजनाओं को विस्तार से प्रस्तुत किया।
समीक्षा में विभिन्न विकास योजनाओं की वर्तमान स्थिति का आकलन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्यों को शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार सृजन से जुड़े मुद्दों पर विशेष रूप से चर्चा हुई। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अर्जुन चौधरी ने प्रखंड में चल रहे टीकाकरण अभियान की प्रगति की जानकारी दी। वहीं प्रखंड कृषि पदाधिकारी अमित कुमार ने किसानों के लिए संचालित फार्मर रजिस्ट्री अभियान की स्थिति से अवगत कराया।
बीसीओ रोशन सिंह ने क्षेत्र में पैक्स की गतिविधियों और उनकी वर्तमान स्थिति पर प्रकाश डाला। जीविका के बीपीएम ने ग्रामीणों के लिए सतत रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उपलब्ध कराए जा रहे ऋण और उससे संबंधित गतिविधियों की जानकारी साझा की।
मनरेगा पदाधिकारी मनोज कुमार ने पौधारोपण अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना समेत विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसके अलावा बाल विकास परियोजना की सीडीपीओ तथा कल्याण पदाधिकारी बजरंग सिंह ने भी विभागीय योजनाओं और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।
बैठक के बाद बीडीओ सुजीत कुमार मिश्रा ने कहा कि विभिन्न योजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने भरोसा जताया कि योजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन से आकांक्षी प्रखंड बसंतपुर के विकास को नई गति मिलेगी तथा आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त होगा।

