गोविंद देवजी मंदिर में श्रद्धालुओं ने अर्पित की सद् सकंल्प की आहुतियां

जयपुर, 5 मई (हि.स.)। व्यक्ति, परिवार और समाज के नैतिक उत्थान के लिए जीवन के आदर्श मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देने के लिए गोविंद देवजी मंदिर में सत्संकल्प-2025 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत वेदमता गायत्री और गुरु सत्ता के पूजन के बाद भारतीय संविधान तथा गायत्री परिवार के संस्थापक पं.श्रीराम शर्मा द्वारा लिखित नवयुग के संविधान का पूजन किया गया। आचार्य पीठ से गायत्री प्रसाद ने कहा कि देश का संविधान हमें कानूनी शक्तियां देता है। हमारे अधिकारों की रक्षा करता है। इसका सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है। साथ ही आध्यात्मिक रूप से विकास के लिए नव युग के संविधान को भी जानना और समझना जरुरी है। सभी उपस्थित श्रद्धालुओं ने नव युग के संविधान का सामूहिक रूप से पाठ किया। यज्ञ में उपस्थित श्रद्धालुओंको नव युग के संविधान की प्रति उपलब्ध कराई गई। विश्व शंाति के लिए गायत्री एवं महामृत्युजंय महामंत्र से आहुतियां प्रदान की गई। कई लोगों ने भारतीय संस्कृति के अनुसार पंच तत्वों का पूजन कर जन्मदिन संस्कार मनाया। यज्ञ गायत्री शक्तिपीठ के विद्वानों की टोली ने संपन्न कराया।

मीरा चरित्र कथा रस महोत्सव के लिए दिया गणेशजी को न्यौता

गोविंद देवजी मंदिर के सत्संग भवन में 9 से 11 मई को दोपहर 12 से 4 बजे तक होने वालीं मीरा चरित्र कथा रस महोत्सव के निर्घिघ्न रूप से संपन्न होने की कामना के साथ सोमवार को मोतीडूंगरी गणेशजी को प्रथम निमंत्रण दिया गया। रामबाबू कायथवाल, रामनारायण नाटाणी, कृष्ण कुमार रावत, रमेश बिजली वाले, बल्लभ पोद्दार, महेश भगत, हंस राज घीया, भंवर लाल अग्रवाल, सत्यनारायण गुप्ता, सतीश शर्मा, नारायण, प्रकाश कानूनगो, गोपाल अग्रवाल, पं. नरेन्द्र शास्त्री ने पूजा-अर्चना प्रथम पूज्य को निमंत्रण दिया। इसके बाद ताडक़ेश्वरजी, राधा गोविंद देव जी, काले हनुमानजी, सीताराम जी छोटी चौपड, चांदपोल हनुमानजी को निमंत्रण देकर कथा में पधारने का आग्रह किया। सुरेश पाटोदिया और राजू मंगोड़ी वाले ने पोस्टर का विमोचन किया।

गोविंद देवजी मंदिर ने भेंट किया एक लाख इक्यावन हजार रूपए का चैक

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में मारे गए जयपुर के नीरज उधवानी को जयपुरवासियों की ओर से श्रद्धाजंलि देने का सिलसिला जारी है। नीरज उधवानी की स्मृति में पार्क, स्कूल, सडक़ का नामकरण की मांग भी पुरजोर उठ रही है। नीरज की स्मृति में सेवा कार्य के लिए

आराध्य देव गोविंद देवजी मंदिर प्रबंधन ने पहल की है। मंदिर के महंत अंजन कुमार गोस्वामी, मंदिर के सेवाधिकारी मानस गोस्वामी ने उधवानी के मॉडल टाउन स्थित निवास पर जाकर नीरज के चित्र पर पुष्प अर्पित कर शोक संतप्त परिवार को ढांढ़स बंधाया। उन्होंने नीरज उधवानी की स्मृतियों को सहेजने के लिए उनकी मां ज्योति उधवानी को एक लाख इक्यावन हजार रूपए का चैक भेंट कर किया। महंत अंजन कुमार गोस्वामी ने राज्य सरकार से मांग की कि नीरज की स्मृति में किसी पार्क, सडक़, विद्यालय का नामकरण किया जाए। इस मौके पर सेंट्रल सिंधी पंचायत से धर्मदास मोटवानी, ललित राजू, सिंधु सेना जिला अध्यक्ष पंकज रायचंदानी सहित सिंधी समाज के अनेक लोग उपस्थित थे। सिंधी समाज ने घोषणा की शोक दूर होने के बाद नीरज की स्मृति को सहेजने के लिए अनेक प्रकल्प शुरू करने की घोषणा की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

   

सम्बंधित खबर