
लखनऊ, 7 जून (हि.स.)। विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025 के तहत प्रदेश के 75 जनपदों में अब तक लगभग 6750 स्थानों पर विभिन्न गणमान्य जनप्रतिनिधि/कृषि वैज्ञानिकों एवं कृषि एवं सहवर्ती विभाग के अधिकारियों के साथ आज दसवें दिन तक लगभग 11,42,550 से अधिक किसानों ने प्रतिभाग किया।
शनिवार को महराजगंज जनपद के विकास खण्ड पनियरा के ग्राम बैजूदेहरा में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने किसानों से संवाद किया। वैज्ञानिकों ने किसानों को आधुनिक कृषि एवं अन्य फसलों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। वित्त राज्य मंत्री द्वारा केन्द्र सरकार व राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न हितकारी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गयी। उन्होंने 10 किसानों को निःशुल्क बाजरा, ऊर्द, ज्वार व कोदो का बीज मिनी किट वितरण किया गया। साथ ही एसएमएई योजनान्तर्गत कस्टम हायरिंग सेंटर के ट्रैक्टर्स की चाबी व फसल बीमा योजनान्तर्गत प्राप्त लाभ का प्रमाणपत्र वितरित किया गया।
मीरजापुर में किसानों ने जानी नई तकनीक
मीरजापुर के विकासखंड राजगढ़ के ग्राम अटारी में गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें विधायक मडीहान रमाशंकर पटेल की अध्यक्षता में विभिन्न विभाग के अधिकारी, केवीके के वैज्ञानिक, उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी व लगभग 800 कृषक उपस्थित रहे। विधायक रमाशंकर पटेल ने कृषकों को बताया कि खेती में नवाचार का प्रयोग, कृषि लागत कम कर अपनी आय में बढ़ोतरी कर सकते हैं। इसी के साथ उनके द्वारा केन्द्र सरकार द्वारा चलाई जा रही पीएम किसान सम्मान निधि, फार्मर रजिस्ट्री, डिजिटल क्राप सर्वे, जैविक खेती, प्राकृतिक खेती, फसल बीमा आदि के बारे में जानकारी दी गई। उक्त गोष्ठी में वैज्ञानिक चर्चा नवीन तकनीकी तथा कृषकों की फसल का अवलोकन कर कीट प्रबंधन, पशुपालन, उद्यानीकरण, मत्स्य पालन, डीएसआर विधि से धान की बुवाई आदि से सम्बधित उपयोगी जानकारी दी गई।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन