महिला स्वयं सहायता समूह की प्रमुखों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण
- Admin Admin
- Mar 19, 2025

मीरजापुर, 19 मार्च (हि.स.)। बुधवार को जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के निर्देशन और अपर जिलाधिकारी (वि/रा) शिव प्रताप शुक्ल के मार्गदर्शन में जिले के सभी 12 विकासखंडों में महिला स्वयं सहायता समूह की प्रमुखों को आपदा जोखिम न्यूनीकरण पर प्रशिक्षण दिया गया। प्रत्येक विकासखंड से 10 प्रमुखों ने इस प्रशिक्षण में भाग लिया।
प्रशिक्षण का शुभारंभ जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी, एनडीआरएफ और यूनिसेफ की टीम ने मां विंध्यवासिनी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया। जिलाधिकारी ने प्रशिक्षु महिलाओं को डूबने, आकाशीय बिजली और सर्पदंश जैसी आपदाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी और उन्हें गांव-गांव तक इस जागरूकता को फैलाने के लिए प्रेरित किया।
आकाशीय बिजली से बचाव के लिए जिले में चलाए गए विभिन्न जागरूकता अभियानों के अच्छे परिणाम सामने आए हैं। वर्ष 2019 में 30, 2020 में 28, 2021 में 23, 2022 में 24, 2023 में 27 और 2024 में अब तक 14 जनहानियां दर्ज की गई हैं, जो जागरूकता के चलते कमी को दर्शाता है। इस सफलता के लिए नेहरू युवा केंद्र संगठन के स्वयंसेवकों और अन्य संबंधित अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
एनडीआरएफ की टीम ने आग लगने पर बचाव, सीपीआर देना, स्ट्रेचर बनाना, रस्सी से बचाव और राहत कार्यों की तकनीकें सिखाईं। यूनिसेफ की टीम ने जलवायु परिवर्तन के प्रभाव और स्वास्थ्य विभाग के डॉ. योगेश दुबे ने सर्पदंश से बचाव के उपायों की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को आपदा तैयारी बुकलेट और हीट वेव से बचाव के पैम्फलेट वितरित किए गए।
कार्यक्रम के अंत में सही उत्तर देने वाली 5 महिलाओं को प्रत्येक को 1000 रुपये का पुरस्कार दिया गया। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल, एनडीआरएफ कमांडर सुधीर सिंह, स्वास्थ्य विभाग के डॉ. योगेश दुबे, जिला आपदा विशेषज्ञ अंकुर गुप्ता, प्रधान सहायक अनूप सांतुवाला सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा