शारीरिक रूप से कमजोर बच्चे को अदालत परिसर में छोड़ गए माता-पिता
- DSS Admin
- Jun 17, 2026
दरंग (असम), 17 जून, (हि.स.)। दरंग जिले के मंगलदै स्थित अदालत परिसर में एक शारीरिक रूप से कमजोर बच्चे को उसके माता-पिता द्वारा छोड़कर चले जाने का मामला सामने आया है। बताया गया है कि दोनों पति-पत्नी के बीच तलाक का मामला चल रहा है और बच्चे की अभिरक्षा को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया।
जानकारी के अनुसार, खारुपेटिया निवासी सैफुल इस्लाम और तसरीन खातून आज अदालत में पेश हुए थे। सुनवाई के दौरान बच्चे की देखभाल और अभिरक्षा का मुद्दा सामने आया, लेकिन दोनों में से कोई भी बच्चे को अपने साथ रखने के लिए तैयार नहीं हुए।
बताया गया है कि बच्चा शारीरिक रूप से कुछ हद तक कमजोर है। इसी कारण दोनों पक्षों ने उसकी जिम्मेदारी लेने में अनिच्छा जताई। बाद में दोनों माता-पिता कथित रूप से बच्चे को अदालत परिसर में छोड़कर वहां से चले गए।
इस घटना ने पारिवारिक विवादों के बीच बच्चे के भविष्य और उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की जानकारी मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों द्वारा बच्चे के कल्याण और आगे की व्यवस्था को लेकर आवश्यक कदम उठाए जाने की संभावना है।
---------

