28 अप्रेल को जयपुर में खड़गे की हुंकार

जयपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)।

जयपुर। केंद्र सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने और जांच एजेंसी का दुरुपयोग करने का आरोप लगाने के साथ ही कांग्रेस अब देश भर में संविधान बचाओ रैलियां आयोजित करने जा रही है। राजस्थान में भी प्रदेश, जिला और विधानसभा स्तर पर रैलियां आयोजित की जाएंगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का कहना है कि केंद्र सरकार संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का काम कर रही है और विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डोटासरा ने बताया कि संविधान बचाओ अभियान को लेकर 24 अप्रेल को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में तैयारी बैठक बुलाई गई है। जिसमें पार्टी पदाधिकारी शामिल होंगे। 28 अप्रेल को जयपुर में प्रदेश स्तरीय रैली प्रस्तावित है, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आएंगे।

उन्होंने कहा कि इसके बाद तीन से 10 मई तक सभी जिलों में जिला स्तरीय संविधान बचाओ रैलियां आयोजित होंगी और विधानसभा स्तर पर 11 से 17 मई तक रैलियां आयोजित होंगी और इसके बाद बूथ स्तर तक भी कार्यक्रम होंगे। वहीं 20 मई से 30 मई तक घर-घर अभियान चलेगा। इसके तहत इसमें कार्यकर्ता संविधान बचाओ को लेकर लोगों को समझाएंगे कि किस तरह से केंद्र सरकार लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने में लगी है।

हिटलर शाही पर उतारू हैं मोदी सरकार

डोटासरा ने कहा कि संविधान बचाओ अभियान के पीछे उद्देश्य यही है कि लोगों को केंद्र सरकार की नीतियों से अवगत करवाना है कि वो किस तरह से देश को कमजोर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हिटलर शाही पर उतारू है सुप्रीम कोर्ट तक को नहीं बख्शा जा रहा है और जहां भी चुनाव होते हैं वहां पर विपक्षी दलों के नेताओं को ईडी,सीबीआई और इनकम टैक्स के जरिए डराया धमकाया जाता है। विपक्षी दलों के संसाधन खत्म करने के प्रयास किए जाते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

   

सम्बंधित खबर