गाज़ियाबाद के वस्त्र वैज्ञानिक डॉ. एम. एस. परमार ने संभाली निट्रा की कमान
- Admin Admin
- May 08, 2025

गाजियाबाद, 8 मई (हि.स.)। डॉ. एमएस परमार ने निट्रा के महानिदेशक पद का कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर निट्रा काउंसिल ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन के चेयरमैन विदित जैन,डिप्टी चेयरमैन संदीप होरा एवं वाइस चेयरमैन नितिन नौलखा ने उनका स्वागत किया। डॉ. परमार के योगदान को वस्त्र क्षेत्र में पथ-प्रदर्शक बताया। निट्रा के समस्त अधिकारीगण और कर्मचारीगण इस अवसर पर उपस्थित रहे और डॉ. परमार को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
वस्त्र मंत्रालय की ओर से कैबिनेट मंत्री गिरिराज सिंह ने भी डॉ. परमार को बधाई दी और कहा कि आने वाले समय में निट्रा और डॉ. परमार की अनुसंधान गतिविधियाँ वस्त्र क्षेत्र को एक नया आयाम देंगी और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
डॉ. एमएस परमार वस्त्र विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, रंगाई एवं रसायन विज्ञान तथा प्राकृतिक रेशों से उत्पाद निर्माण के क्षेत्र में एक विशिष्ट वैज्ञानिक एवं विशेषज्ञ हैं। वे भारत में प्रोटेक्टिव टेक्सटाइल्स पर शोध करने वाले और इसको बढ़ावा देने वाले अग्रणी शोधकर्ताओं में गिने जाते हैं।
उनके शोध कार्यों की सराहना स्वयं देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर चुके हैं।
उन्होंने केवल कपास ही नहीं, बल्कि जूट, सन, पटसन, मिल्कवीड (मदार), गन्ने की खोई आदि प्राकृतिक रेशों पर भी शोध कार्य किए हैं और सैकड़ों छात्रों का मार्गदर्शन किया है। उनके द्वारा लिखित पुस्तकें देशभर के वस्त्र संस्थानों और उद्योग जगत में अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुई हैं। अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद द्वारा उनकी दो पुस्तकों को “सर्वश्रेष्ठ तकनीकी पुस्तक” का पुरस्कार भी प्राप्त हो चुका है, जो डेनिम (प्राकृतिक फाइबर) और उसकी प्रसंस्करण प्रक्रिया पर आधारित हैं।
डॉ. परमार देश की कई अग्रणी संस्थाओं के सलाहकार के रूप में भी वस्त्र क्षेत्र की सेवा कर रहे हैं। जिनमें भारतीय मानक ब्यूरो, सार्क देशों के मानक संगठन ढाका बांग्लादेश, आरडीएसओ (भारतीय रेल), भारतीय सेना, अर्धसैनिक बल एवं पुलिस बल, एनबीआरआई तथा वस्त्र मंत्रालय के विभिन्न अनुसंधान नीति समूह शामिल हैं।
उन्हें कई प्रतिष्ठित संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया जा चुका है, जिनमें टेक्सटाइल एसोसिएशन ऑफ इंडिया का फेलो चुना जाना प्रमुख है। यह सम्मान उन्हें गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल द्वारा, उस समय की कपड़ा राज्य मंत्री (केंद्र) दर्शना जरदोश की उपस्थिति में प्रदान किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / फरमान अली