उत्तर कोलकाता में एनआईएलडी केंद्र का दौरा, केंद्रीय मंत्री डॉ बिरेन्द्र कुमार ने की सराहना
- DSS Admin
- May 25, 2026
कोलकाता, 26 मई (हि.स.)। उत्तर कोलकाता के बनहुगली स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर लोकोमोटर डिसएबिलिटीज केंद्र का सोमवार को केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के प्रभारी मंत्री डॉ बिरेन्द्र कुमार ने दौरा किया। संस्थान की विभिन्न सेवाओं और आधारभूत संरचनाओं का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने गहरा संतोष व्यक्त किया।
इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्रालय के अधीन दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के संयुक्त सचिव तथा संस्थान की कार्यकारी परिषद के अध्यक्ष राजीव शर्मा और संस्थान के निदेशक डॉ ललित नारायण ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने दिव्यांगजनों के पुनर्वास और उनकी क्षमता वृद्धि में संस्थान की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक आधारित पहल दिव्यांग भाई-बहनों को अधिक आत्मनिर्भर बनाने में सहायक सिद्ध होंगी।
दौरे के दौरान मंत्री ने कई नई सेवाओं का उद्घाटन भी किया। इनमें ड्राइविंग सिम्युलेटर, दो अत्याधुनिक एम्बुलेंस, कार्यालय वाहन, सौर पैनल व्यवस्था, अल्प दृष्टि मूल्यांकन क्लीनिक, कॉम्बिनेशन थेरेपी यूनिट, सिकंदराबाद स्थित एनआईईपीआईडी द्वारा निर्मित ‘आई-अम्मा’ अनुप्रयोग तथा एवाईजेएनआईएसएचडी-आरसी के स्पीच एवं लैंग्वेज थेरेपी यूनिट शामिल हैं।

